Last Updated:
यूपीएससी इंटरव्यू में अच्छे नंबर आपको टॉपर बना सकते हैं. एक्सपर्ट आदित्य पटेल के अनुसार, यह सिर्फ ज्ञान का नहीं बल्कि आपकी पर्सनालिटी का टेस्ट है. इंटरव्यू के दौरान पैनल के सामने सीधे बैठें और झूठ न बोलें. सवाल का जवाब न आने पर बहस के बजाय विनम्रता से मना करें. हमेशा सिंपल और फॉर्मल ड्रेस में ही जाएं।.
नई दिल्लीः यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा(2026) का प्री एग्जाम हो चुका है. मेन्स का भी एग्जाम हो गया है, लेकिन मेन्स का रिजल्ट अभी नहीं आया है. हालांकि जिन स्टूडेंट्स को अपने मेंस क्रैक होने का पूरा भरोसा है उन्होंने अभी से ही यूपीएससी इंटरव्यू की तैयारी करनी शुरू कर दी है. कुछ ऐसे भी हैं जिन्हें इंटरव्यू की तैयारी कैसे करें इसके बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है. इस वजह से वो यूपीएससी के दो पड़ाव पास करने के बाद भी जब अंतिम पड़ाव यानी इंटरव्यू तक पहुंचते हैं तो वो फेल हो जाते हैं.
इसके पीछे सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें इंटरव्यू की टिप्स नहीं पता होती है कि आखिर इंटरव्यू कैसे देना है. अंदर जाकर कैसे बैठना है. सामने बैठे पैनल बोर्ड के सदस्यों से कैसे बात करना है. खुद को कैसे उनके सामने पेश करना है. ऐसे में देश के जाने माने एक्सपर्ट और तीन बार यूपीएससी का इंटरव्यू दे चुके और अब वर्तमान में खुद की दिल्ली में आईएएस कोचिंग चला रहे आदित्य पटेल से बात की तो उन्होंने इंटरव्यू की टिप्स दी.
इंटरव्यू नहीं बल्कि पर्सनैलिटी टेस्ट है
एक्सपर्ट आदित्य पटेल ने बताया कि यूपीएससी की तैयारी करने वाले लोग इंटरव्यू के नंबर से ही कई बार टॉप कर जाते हैं और एग्जाम को पास कर लेते हैं. उन्होंने बताया कि 210 तक हाईएस्ट नंबर है इंटरव्यू के लिए और 100 के नीचे भी कभी-कभी नंबर चले जाते हैं. उन्होंने बताया कि इंटरव्यू के नंबर इसीलिए बहुत ही महत्वपूर्ण होते हैं. इसको इंटरव्यू नहीं बल्कि पर्सनैलिटी टेस्ट कहते हैं.
पर्सनैलिटी टेस्ट इस वजह से क्योंकि इसमें बैठे हुए पैनल बोर्ड में सब धुरंधर होते हैं और सब अपनी अपनी फील्ड के बेहद वरिष्ठ अधिकारी होते हैं. उन्होंने बताया कि इस इंटरव्यू के दो पहलू होते हैं एक आप अंदर से कैसे हैं और दूसरा आप बाहर से कैसे हैं. अंदर से कैसे हैं यानी आपको ज्ञान कितना है और दूसरा पहलू है कि आप दिखने में कैसे हैं. क्या आप खुद को सही से प्रेजेंट कर पा रहे हैं या नहीं. यह भी बहुत महत्वपूर्ण होता है.
इंटरव्यू के लिए खुद को कर लें इस तरह फिट
एक्सपर्ट आदित्य पटेल ने बताया कि आपका वजन अगर ज्यादा है तो इंटरव्यू से पहले आप इसे कम कर लें. आप अगर जिम जॉइन कर सकते हैं तो जिम जॉइन कर लें. अगर आपका वजन ज्यादा है तो आपको जिम जॉइन करना काफी फायदेमंद होगा. इसके अलावा आप इंटरव्यू की टिप्स भी ले सकते हैं जोकि यहां पर दी जा रही है. इसके अलावा मॉक टेस्ट भी इंटरव्यू के ले सकते हैं.
उन्होंने यह भी बताया कि अपनी जानकारी को जितना मजबूत कर सकते हैं करें. खास तौर पर जो जानकारी आपने फॉर्म पर भरी है उसको एकदम सही तरीके से एक बार पढ़ लें. इंटरव्यू में सबसे पहले आपसे फॉर्म पर लिखी हुई जानकारी ही पूछी जाती है, जिसे अगर आपने गलत या झूठ बताया तो आपको इसका नुकसान हो सकता है. जब आप इंटरव्यू देने के लिए अंदर जाएं तो एकदम सीधा बैठें. हाथ पैर बहुत ज्यादा इधर-उधर न करें.
पैनल को नाराज करने से बचें
एक्सपर्ट आदित्य पटेल ने बताया कि जब आप इंटरव्यू देने जाएं तो यह मानकर चलें कि आपके सामने जो बोर्ड पैनल बैठा हुआ है यानी जो आपका इंटरव्यू ले रहा है वो सभी एक्सपर्ट हैं. उनको नाराज करने से बचें. यानी अगर आपको किसी सवाल का जवाब नहीं आ रहा है तो उनसे झगड़ा और लड़ाई न करें बल्कि प्यार से उनको बोले कि सर मुझे यह नहीं पता है. कई बार पैनल आपके अंदर कितना धैर्य है यह भी चेक करने के लिए थोड़ा उकसाते हैं. ऐसे में आपको प्यार से ही सभी सवालों का जवाब देना है और आपको बहुत ज्यादा मुस्कुराना भी नहीं है. आपको एक सामान्य तरीके से रहना है. बहुत सारे लोग गंभीर मुद्दों पर भी मुस्कुराते हुए ही जवाब देते हैं जिससे उनकी गंभीरता का पता चलता है. इससे भी आपको नुकसान हो सकता है.
फॉर्मल ड्रेस पहन कर जायें
एक्सपर्ट आदित्य पटेल ने यह भी बताया कि जिस दिन आपका यूपीएससी का इंटरव्यू हो उससे पहले ही आप अपने जूते, ड्रेस, सैंडल, साड़ी और सूट जो कुछ भी है उसको एकदम से तैयार रखें. जिस दिन आपका इंटरव्यू हो तो आप फॉर्मल ड्रेस में ही जाएं. लड़कियां साड़ी में जाएं और बहुत ज्यादा मेकअप ना करें. खुद को सिंपल रखें. जबकि लड़के सूट पहन करके जाएं और बाल उनके अच्छे से मेंटेन होने चाहिए. अगर आपकी आंखों पर चश्मा लगा है तो वह भी आप एकदम साफ और अच्छे से रखें. आप इंटरव्यू में अपनी पर्सनालिटी को दिखा रहे हैं. आपके ज्ञान के साथ-साथ आपकी पर्सनालिटी का भी पूरा चेक होता है वहां पर इसलिए खुद को काफी अच्छे से तैयार जाएं.