राहुल गांधी के लिए सात समंदर पार से शशि थरूर ने भेजा संदेश, बोले- मैं परेशान हूं, मेरा दिल दिल्ली में

राहुल गांधी के लिए सात समंदर पार से शशि थरूर ने भेजा संदेश, बोले- मैं परेशान हूं, मेरा दिल दिल्ली में


होमताजा खबरदेश

‘मैं परेशान हूं…’ राहुल गांधी के लिए सात समंदर पार से शशि थरूर ने भेजा संदेश

Last Updated:

Shashi Tharoor on Rahul Gandhi : राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए संसद से चुनाव आयोग तक मार्च निकाला. पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया. इस दौरान राहुल गांधी के साथ कथित धक्का-मुक्की की तस्वीरों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नाराजगी जताई और सरकार की कार्रवाई को शर्मनाक बताया. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों को चुनाव आयुक्त से मिलने से रोका गया. देर रात हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा कर दिया गया.

Zoom

राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर शशि थरूर क्यों हुए परेशान? ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में क्या-क्या हुआ

राहुल गांधी की अगुवाई में 6 अक्टूबर 2026 को इंडिया गठबंधन (INDIA BLOCK) ने सीईसी ज्ञानेश कुमार खिलाफ प्रदर्शन किया. विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद से चुनाव आयोग तक मार्च निकाला. हालांकि, राहुल गांधी के काफिले को आकाशवाणी के पास ही रोक दिया गया. उन्हें हिरासत में ले लिया गया. उनके साथ पुलिस की धक्का-मुक्की भी हुई. इस पर अब उनके साथी सांसद शशि थरूर की प्रतिक्रिया आई है. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में लिए जाने की तस्वीरें देखकर वह बहुत परेशान हैं.

शशि थरूर ने कांग्रेस के एक्स हैंडल का पोस्ट शेयर किया. राहुल गांधी को टैक करते हुए उन्होंने कहा कि 13 करोड़ मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित किए जाने के विरोध में हुए प्रदर्शन पर सरकार की प्रतिक्रिया ‘शर्मनाक’ है. शशि थरूर ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ संसद भवन परिसर से यहां निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक निकाले गए मार्च में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वह जर्मनी के बर्लिन में थे. उन्होंने भरोसा जताया कि न्याय जरूर मिलेगा.

थरूर क्यों हैं परेशान

शशि थरूर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में ले जाने की तस्वीरें देखकर मैं बहुत परेशान हूं.’ उन्होंने कहा, ‘चार महीने पहले बर्लिन में एक सम्मेलन में जाने की प्रतिबद्धता के कारण मैं केवल दूर से अपनी एकजुटता व्यक्त कर सकता हूं. लेकिन मेरा दिल नयी दिल्ली में है. न्याय जरूर मिलेगा.’

राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में लिए जाने की तस्वीरें देखकर बहुत परेशान हूं: थरूर

किंग्सवे कैंप से राहुल-प्रियंका को रिहा किया गया
उधर देर रात लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं को किंग्सवे कैंप से रिहा कर दिया गया. इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन से रवाना हो गए. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन में इंडिया ब्लॉक के सांसदों के विरोध-प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. इसके बाद उनको किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन ले जाया गया था. इंडिया गठबंधन के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

राहुल गांधी ने धरना दिया

दरअसल, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने आकाशवाणी भवन परिसर में भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के दफ्तर से कुछ मीटर की दूरी पर धरना दिया. राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, पवन खेड़ा और इमरान प्रतापगढ़ी आकाशवाणी भवन परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठे दिखे. विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग मुख्यालय (जो 300 मीटर दूर है) तक पहुंचने की कोशिश में संस्थान के गेट धकेलकर खोले थे. सूत्रों के अनुसार, आकाशवाणी भवन से एक पीसीआर कॉल की गई, जिसमें कहा गया कि राहुल गांधी जबरदस्ती परिसर में घुस आए.



Source link