लखनऊः उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग ने सूबे के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 7 अक्तूबर को सूबे के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावनाएं हैं. जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, वहां बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने का खतरा बना हुआ है.
40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
आईएमडी के मुताबिक 7 और 8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है. बारिश और बादलों के चलते सूबे के तापमान में गिरावट आने की संभावना है. अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है.
इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, ज्योतिबाफुले नगर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, खीरी, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, संतरविदासनगर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, चित्रकूट शामिल है.