Last Updated:
Samastipur Job Camp News: समस्तीपुर में 9 और 10 अक्टूबर को जॉब कैंप लगेगा. 10वीं पास पुरुष युवा एसआईएस कंपनी में सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड के पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं. चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 28,000 रुपये तक सैलरी मिलेगी.
समस्तीपुर: आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं? तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. समस्तीपुर जिला नियोजन कार्यालय की ओर से जिले के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में जिले के मोहनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर और वारिसनगर प्रखंड कार्यालय परिसर में जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा. इस कैंप में निजी क्षेत्र की SIS कंपनी शामिल होकर युवाओं को रोजगार का अवसर देगी. खास बात यह है कि कैंप के माध्यम से अनेक पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. जिसमें सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड जैसे पद शामिल हैं. इच्छुक पुरुष अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं.
10वीं पास अभ्यर्थी भी ले सकेंगे हिस्सा
जिला नियोजन पदाधिकारी रोहित कुमार के अनुसार जॉब कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है. इसके अलावा यदि अभ्यर्थी के पास 12वीं या उससे अधिक की शैक्षणिक योग्यता है, तो उसके दस्तावेज भी साथ रखना होगा. चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 15 हजार रुपये से लेकर 28 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलने की जानकारी दी गई है. फिलहाल इस भर्ती में केवल पुरुष अभ्यर्थियों को शामिल होने का मौका दिया गया है. भर्ती अधिकारी स्टाक अहमद ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी समय पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं.
9 और 10 अक्टूबर को लगेगा जॉब कैंप
जॉब कैंप का आयोजन 9 अक्टूबर को मोहनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में किया जाएगा. जबकि 10 अक्टूबर को वारिसनगर प्रखंड कार्यालय परिसर में कैंप लगेगा. दोनों जगहों पर जॉब कैंप सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा. इसमें भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी, रिज्यूम और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्रों की कॉपी साथ लेकर पहुंचना होगा. अभ्यर्थियों को कैंप में फॉर्मल ड्रेस में आने की सलाह दी गई है. इच्छुक युवा निर्धारित समय से पहले संबंधित प्रखंड कार्यालय परिसर में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं. भर्ती अधिकारी के अनुसार, योग्य अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार रोजगार का अवसर दिया जाएगा.