पटना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर बिहार में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 7 अक्टूबर (बुधवार) को पटना के मिलर स्कूल ग्राउंड में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया. ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभा के बाद ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी निकाली गई. बिहार में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है और इसके तहत अलग-अलग सेवा, जनसंपर्क और विकसित भारत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों को पक्का मकान देने का काम बड़े स्तर पर हुआ है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक गरीबों के लिए पक्के मकान की चिंता नहीं की गई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को आवास उपलब्ध कराने का काम तेज हुआ. सम्राट चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार के करीब 12 साल के कार्यकाल में लगभग 5 करोड़ लोगों को पक्का मकान देने का काम किया गया है. उन्होंने बिहार में महिलाओं के खातों में राशि भेजे जाने का भी जिक्र किया और कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में 1 करोड़ 81 लाख बहनों के खाते में पैसा पहुंचाया गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र निर्माण के काम में जुटे हैं: सीएम
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी नेता सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन नहीं होने की बात कहते हैं, लेकिन साथ ही अपने परिवार के पुराने राजनीतिक योगदान का जिक्र करते हैं. सम्राट ने कहा कि जनता अब परिवार की राजनीति से ज्यादा विकास चाहती है. उन्होंने कहा कि लोगों को विकास चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र निर्माण के काम में जुटे हैं. मुख्यमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित और बिहार को समृद्ध बनाने के लिए प्रधानमंत्री के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया.
‘दिल में सेवा या मेवा…’, विपक्ष पर सम्राट का तंज
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्षी दलों पर भी राजनीतिक तंज कसा. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मन में सेवा और दिल में सेवा है, वे राष्ट्र निर्माण के लिए काम कर रहे हैं. वहीं उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं पर ‘सेवा’ की जगह ‘मेवा’ को लेकर कटाक्ष किया. सम्राट ने कहा कि 2047 में भारत को विकसित भारत और बिहार को समृद्ध बिहार बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना होगा.
गरीब जनता, किसान और युवाओं की आवाज नरेंद्र मोदी: संजय सरावगी
सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 25 वर्ष किसी पद पर रहने की यात्रा नहीं है, बल्कि विकास की गति की यात्रा है. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी गरीब जनता, किसान और युवाओं की आवाज बने हैं. सरावगी ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प का हिस्सा है. 2047 तक भारत को विकसित बनाने के संकल्प के साथ इस यात्रा की शुरुआत हो रही है. उन्होंने कहा कि आज देशभर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
गोपालगंज में भी निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’
इसी अभियान के तहत गोपालगंज में भी ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई. इसमें बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पूर्व मंत्री जनक राम समेत बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. यात्रा के दौरान बंजारी चौक का नामकरण ‘ज्योति सेवा चौक’ के रूप में किया गया. इस मौके पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि आज का दिन देशवासियों के लिए गौरव का दिन है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान देश में हुए विकास और विभिन्न क्षेत्रों में आए बदलावों का उल्लेख किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.