अयोध्या: राम की नगरी अयोध्या में धार्मिक आयोजनों की अपनी अलग पहचान है. यहां होने वाली कथा और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. लेकिन इन दिनों एक धार्मिक आयोजन से जुड़ा वीडियो चर्चा में है, जिसमें पूर्व मंत्री और सपा नेता तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय संत की व्यासपीठ के पास नोट बरसाते नजर आ रहे हैं. 8 अक्टूबर को इसी भागवत में अखिलेश यादव शामिल होंगे. साथ ही ऐसी भी चर्चा है कि अखिलेश यादव कथा में तो पहुंचेंगे लेकिन राम मंदिर के दर्शन करने नहीं जाएंगे.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर धार्मिक कथा के मंच पर इस तरह नोट बरसाने की जरूरत क्यों पड़ी?
दरअसल, अयोध्या में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है. इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय संत की व्यासपीठ के सामने नजर आते हैं. इसी दौरान वह संत पर नोट बरसाते दिखाई देते हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोग धार्मिक आयोजन की गरिमा और इस तरह के प्रदर्शन को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
कथा का मंच श्रद्धा का, नोट बरसाने पर सवाल
भागवत कथा सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं होती. श्रद्धालुओं के लिए यह आस्था, संस्कार और सनातन परंपरा से जुड़ा आयोजन है. कथा सुनाने वाला संत व्यासपीठ पर बैठकर धार्मिक प्रसंगों के जरिए लोगों को जीवन और समाज से जुड़ी सीख देता है. ऐसे में व्यासपीठ के सामने नोट बरसाने की तस्वीर कई लोगों को असहज कर रही है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
सोशल मीडिया पर सवाल उठाने वालों का कहना है कि संत का सम्मान करने के कई तरीके हो सकते हैं. पुष्प अर्पित करना, श्रद्धा से प्रणाम करना या सम्मानपूर्वक आशीर्वाद लेना धार्मिक आयोजन की गरिमा के ज्यादा करीब माना जाता है. ऐसे में नोट बरसाने की तस्वीर से लोगों के बीच यह बहस शुरू हो गई है कि धार्मिक मंच पर सम्मान और प्रदर्शन के बीच की सीमा आखिर कहां होनी चाहिए.
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय अयोध्या की राजनीति में जाना-पहचाना नाम हैं. वह समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. ऐसे में सार्वजनिक जीवन से जुड़े किसी नेता की धार्मिक आयोजन में मौजूदगी भी लोगों के लिए चर्चा का विषय बन जाती है.
धार्मिक आयोजन पर रखे गरिमा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यही कहा जा रहा है कि राजनीति अपनी जगह है और धार्मिक आयोजन की अपनी मर्यादा. सम्मानित व्यक्ति से भी यही उम्मीद की जाती है कि वह धार्मिक मंच की गरिमा का पूरा ध्यान रखे.
हालांकि, वीडियो को लेकर पूर्व मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आया है या नहीं, यह अलग विषय है. वीडियो के आधार पर किसी की मंशा तय करना उचित नहीं होगा. संभव है कि नोट बरसाने के पीछे सम्मान जताने की भावना रही हो. लेकिन सवाल यह है कि क्या ऐसी भावना को जताने का तरीका धार्मिक मंच के अनुरूप था?
अयोध्या से उठ रहा बड़ा सवाल
अयोध्या सिर्फ एक राजनीतिक शहर नहीं है. यह करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है. यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों को लोग श्रद्धा और विश्वास की नजर से देखते हैं. ऐसे में किसी भी बड़े सार्वजनिक व्यक्ति की छोटी-सी गतिविधि भी चर्चा में आ जाती है. नोट कहां और किस मौके पर बरसाए जाते हैं, यह बताने की जरूरत शायद नहीं है. धार्मिक कथा का मंच संत की वाणी और श्रद्धालुओं की आस्था के लिए होता है. इसलिए सवाल व्यक्ति विशेष से ज्यादा उस तरीके को लेकर है, जो वीडियो में दिखाई दे रहा है.
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय राजनीति के अनुभवी खिलाड़ी हैं और सार्वजनिक जीवन में उनकी अपनी पहचान है. ऐसे में उनसे यह उम्मीद और भी बढ़ जाती है कि धार्मिक मंच पर सम्मान जताते समय उसकी मर्यादा का भी पूरा ध्यान रखा जाए. संत का सम्मान हो, लेकिन ऐसा हो जिससे कथा की गरिमा भी बनी रहे और व्यासपीठ की मर्यादा भी.