Last Updated:
राजस्थान के भरतपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. चिकसाना थाना क्षेत्र में 13 साल की एक नाबालिग का घर से अपहरण कर 5 युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया. घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों ने मौके पर ही 4 आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. घटना की रात नाबालिग बच्ची रात में बाथरूम के लिए उठी थी.
भरतपुर. राजस्थान के भरतपुर जिले में 13 साल की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि रात में पड़ोसी उसे घर से उठाकर ले गए और एक घर में पांच लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद ग्रामीणों ने चार आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया.
मामला चिकसाना थाना इलाके का है. मीडिया रिपोर्ट्स में परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले दो चचेरे भाइयों और उनके साथियों पर बच्ची के अपहरण और गैंगरेप का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने अभी चचेरे भाईयों को लेकर पुष्टि नहीं की है.
नाबालिग का मेडिकल कराया गया
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. नाबालिग का मेडिकल कराया गया है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में सीईओ कन्हैया लाल चौधरी के अनुसार, गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
टॉयलेट के लिए उठी थी बच्ची
परिजनों के मुताबिक, बच्ची रात में टॉयलेट जाने के लिए उठी थी. आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी उसे घर से उठाकर ले गए. रात करीब डेढ़ बजे बच्ची का बड़ा भाई पानी पीने के लिए उठा तो वह घर में नहीं मिली.
इसके बाद परिवार ने बच्ची की तलाश शुरू की. कुछ देर बाद वह पड़ोसी के घर में मिली. वहां ग्रामीण भी पहुंच गए और चार युवकों को पकड़ लिया. बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया.