Last Updated:
Bhopal To Delhi Route: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सड़क से दिल्ली पहुंचने में करीब 12 घंटे लगते हैं, लेकिन भोपाल से ग्वालियर फोर-लेन हाईवे और ग्वालियर से आगरा 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्स्प्रेसवे बनने से इसकी दूरी में कमी आएगी और फिर लोग आसानी से 9 घंटे में भोपाल से दिल्ली पहुंच सकते हैं. इससे मध्य प्रदेश, राजस्थान के धौलपुर, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कुल 4 राज्यों को फायदा होगा.
अब भोपाल से दिल्ली पहुंचना होगा बिल्कुल आसान (AI तस्वीर)
Bhopal To Delhi Journey Route: मध्य प्रदेश में एक साथ कई रोड प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है. अब देश की राजधानी दिल्ली से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल तक कनेक्टिविटी बहुत ही आसान होने वाली है. पहले तो भोपाल से ग्वालियर 4 लेन हाईवे बनाया जा रहा है. वहीं ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेसवे से दिल्ली तक पहुंचना आसान होगा. इससे लोगों को काफी फायदा होगा. वहीं हाईवे किनारे होटल और ढाबे बनने से खूब फायदा भी होगा.
भोपाल से ग्वालियर बनेगा 4 लेन हाईवे
भोपाल से ग्वालियर के बीच सड़क से जाने पर करीब 425 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जिसमें 7 से 8 घंटे का लंबा समय लग जाता है. लेकिन जब यह नया ‘4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बन जाएगा, तो यह दूरी कम हो जाएगी और यह दूरी 320 से 350 किलोमीटर रह जाएगी. फिर यह सफर साढ़े पांच से 6 घंटे का रह जाएगा. इस प्रोजेक्ट के लिए DPR तैयार करने और टेंडर का प्रोसेस बस फाइनल ही होने वाला है.
ग्वालियर से आगरा 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से काम होगा आसान
वहीं ग्वालियर को आगरा से जोड़ने के लिए 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पहले से ही पास हो चुका है. यह आगरा के रिंग रोड से ग्वालियर के सुसेरा बॉयपास तक होगा. 90 किलोमीटर वाले इस हाईवे के लिए शुरुआती लागत करीब 4600 करोड़ रुपए आंकी गई है. बताया जा रहा है कि इसका कुछ हिस्सा राजस्थान के धौलपुर से होकर भी गुजरेगा और इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू हो चुका है.
दिल्ली तक पहुंच होगी आसान
इसके बाद यह प्रोजेक्ट ग्वालियर से आगरा और इसके बाद मथुरा से होते हुए दिल्ली को भी जोड़ देगा, जिससे दिल्ली दूर नहीं रह जाएगी. वहीं, आगे चलकर इससे यमुना एक्सप्रेसवे की भी कनेक्टिविटी मजबूत हो जाएगी.
9 घंटे में भोपाल से पहुंच सकते हैं दिल्ली
अभी भोपाल से दिल्ली की सड़क से कुल दूरी 770 किलोमीटर है और इसमें करीब 12 घंटे का समय लगता है. लेकिन जब भोपाल से ग्वालियर और इसके बाद ग्वालियर से आगरा एक्सप्रेसवे बन जाएंगे, तो इसकी दूरी करीब 100 किलोमीटर कम होने की उम्मीद है. ऐसे में इसमें 9 घंटे का समय लग सकता है.