7 अक्टूबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णिम दिन – अमित शाह
Last Updated:
PM Modi 25 Year of Governance: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा काल के 25 साल पूरा होने पर देशभर में विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी के जनसेवा काल की तारीफ की है.
गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी के जनसेवा काल के 25 साल पूरा होने पर तारीफ की है.
PM Modi 25 Year of Governance: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की प्रशंसा की है. शाह ने कहा कि मोदी जी ने लगातार 25 साल सीएम और पीएम बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है. जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा ये 25 साल स्वर्णिम अक्षरों से लिखे जाएंगे. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुग्राम (हरियाणा) में ‘विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा’ को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को साथ लेकर लंबे समय तक शासन के शीर्ष पर बने रहना भारतीय राजनीति में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है.
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, ‘7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक दिन है. साधारण परिवार से निकलकर अपनी क्षमता, नेतृत्व और जनसमर्थन के बल पर मोदी जी ने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे किए हैं. लगातार 25 साल सीएम और पीएम बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है और वो व्यक्ति पीएम मोदी हैं. जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा ये 25 साल स्वर्णिम अक्षरों से लिखे जाएंगे.’
अनेक ऐतिहासिक पड़ाव
शाह ने कहा कि इन 25 सालों में गरीबी से मुक्ति, सुरक्षित भारत, धारा 370 हटाना, नक्सलवाद समाप्त करना, राम जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ का मंदिर बनाना, देश में इंफ्रास्ट्रक्चर को ऊपरी सीमा तक ले जाना और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने जैसे अनेक ऐतिहासिक पड़ाव देखे हैं. ये यात्रा भारत कल्याण, गरीब कल्याण, भारत गौरव की यात्रा है और इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए देशभर, हर जिले में ये सेवा ज्योति यात्रा आयोजित की है.
सेवा ज्योति यात्रा
अमित शाह ने कहा कि देशभर में युवा मोदी जी के ‘सेवा के 25 साल’ पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ लेकर प्रमुख चौराहों पर पहुंचेंगे और वहां सेवा की मशाल प्रज्वलित करेंगे. उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक युवा इस यात्रा से जुड़ें और इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाएं. बता दें कि गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के बाद से पीएम मोदी लगातार सार्वजनिक पदों पर रहते हुए देश की सेवा कर रहे हैं.