Last Updated:
Dinesh Falhari Baba vs Virat Kohli : दिनेश फलाहारी बाबा ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े कुछ लोगों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे. उनका कहना है कि प्रेमानंद महाराज से मिलने आश्रम आने के लिए विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को 5 करोड़ रुपये दिये गए थे. हालांकि, अब विराट कोहली की टीम ने अब साफ-साफ नकार दिया है.
दिनेश फलाहारी महाराज का बड़ा आरोप.
मथुरा : भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर दिनेश फलाहरी महाराज ने कई बड़े दावे किए थे. उन्होंने न्यूज 18 इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा था कि हम महाराज जी को पहले से जानते हैं. उनकी सेवा में भी रहे थे. वह सरल और सच्चे साधक है राधा रानी के. उनके वीडियो देखकर एक राजस्थान के कारोबारी ने संपर्क किया था. उसने ही कहा था कि आपकी वीडियो और लोगों तक पहुंचाना चाहता हूं. फिर 5 करोड़ देकर विराट कोहली को बुलाया. हालांकि, इन दावों का अब विराट कोहली की टीम ने पूरी तरह से खंडन कर दिया है.
क्या बोले थे फलाहारी महाराज?
फलहारी महाराज ने बताया था कि मैंने ही प्रेमानंद महाराज को आइडिया दिया था कि आप फेसबुक और सोशल मीडिया पर आईडी बनाओ और वीडियो डालो… आपका ज्ञान और लोगों तक पहुंचेगा. उन्होंने मेरी बात मान ली और किसी से सोशल मीडिया मंच पर आईडी बना ली. उनके अच्छे वीडियो लोगों तक पहुंचने लगे. एक राजस्थान के कारोबारी महाराज जी से बहुत प्रभावित हुए थे. उन्होंने संत से कहा था कि महाराज जी आप बहुत अच्छा बोलते हैं. हम इन वीडियो को और अच्छा बनाना चाहते हैं. प्रेमानंद महाराज सीधे और सरल हैं. उन्होंने कहा ठीक है हमें कोई दिक्कत नहीं है. हमारा ज्ञान बस संपूर्ण दुनिया तक पहुंचना चाहिए. फिर उस कारोबारी ने 5 करोड़ में विराट कोहली को बुलाया और विराट कोहली के आने के बाद महाराज जी का लगभग लाखों गुना प्रचार प्रसार होने लगा.
रसिक दुलारी की मौत के बाद बढ़ा मामला
प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोदी की मौत के बाद से केलीकुंज आश्रम लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. इस बीच आश्रम केलीकुंज को लेकर श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज ने बड़ा दावा कर दिया था, जिससे सनसनी फैल गई. फेमस क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा लंबे समय से प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए आते रहे हैं. दोनों को लेकर फलाहारी महाराज का दावा था कि उन्हें पांच करोड़ रुपये में बुलाकर प्रेमानंद महाराज को प्रसिद्ध करने का प्रयास किया गया. इसको लेकर अब विराट कोहली की तरफ से उनकी टीम ने आधिकारिक बयान जारी किया है.
विराट कोहली की सफाई
हालांकि, अब भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली की टीम ने इस दावे पर साफ जवाब दिया है. उनके प्रवक्ता ने इसे पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है. टीम ने कहा कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से अपनी गहरी आस्था और उनके प्रति सम्मान की वजह से मिलते हैं. साथ ही कहा कि ऐसे दावों को रिपोर्ट करने या आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की अच्छी तरह जांच की जानी चाहिए. प्रवक्ता ने जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग करने की अपील की है. इस बयान के साथ विराट कोहली की टीम ने 5 करोड़ रुपये वाले दावे पर अपना रुख साफ कर दिया है. टीम ने दोबारा कहा है कि प्रेमानंद महाराज से विराट की मुलाकात का कारण उनकी आस्था और श्रद्धा है.