Last Updated:
Chhattisgarh Coal Scam: 570 करोड़ के कोल लेवी घोटाले में EOW की ओर से पेश किए गए चार्टशीट में कवि कुमार विश्वास के कार्यक्रम का भी जिक्र किया गया है. जांच एजेंसी ने चालान की समरी में विधायक देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई वाट्सएप बातचीत का हवाला दिया है. इसमें कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपए की व्यवस्था करने की बात कही गई है.
छत्तीसगढ़ कोयला घोटाले की चार्जशीट में कुमार विश्वास के नाम का जिक्र
रिपोर्ट-विशु शुक्ला
छत्तीसगढ़ का चर्चित कोयला लेवी घोटाला एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में आ गया है. रायपुर की अदालत में जांच एजेंसी द्वारा छठी चार्जशीट पेश की गई. इसने प्रदेश की राजनीति से लेकर मंच के दिग्गजों तक हलचल मचा दी है. ACB-EOW ने इसमें कांग्रेस नेताओं सहित कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है. जो चार्जशीट दाखिल हुई है. उसमें प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास का भी जिक्र हुआ है. आइए जानते हैं, इसके बारे में.
इस बार किसी कागजी लेन-देन से ज्यादा, एक डिजिटल बातचीत यानी व्हाट्सएप चैट चर्चा की मुख्य वजह बन गई है. चार्जशीट के मुताबिक विधायक देवेंद्र सिंह यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच व्हाट्सएप चैट हुई थी.
कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपए का जिक्र
चालान के अनुसार यह बातचीत उस दौर की है, जब राज्य में खैरागढ़ उपचुनाव का सियासी पारा चढ़ा हुआ था. चुनावी माहौल के बीच हुए इस संवाद में कुमार विश्वास के एक सांस्कृतिक या साहित्यिक कार्यक्रम के आयोजन की बात कही गई थी और इस कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपए की व्यवस्था करने की स्पष्ट बात का जिक्र मिलता है. अब कुमार विश्वास को पेमेंट कोल घोटाले के पैसे से हुआ है या नहीं. इस बारे में अभी पता नहीं चला है.
कानूनी दांव-पेंच तेज होने की उम्मीद
जांच रिपोर्ट में डिजिटल साक्ष्य से खुलासा हुआ है कि 28 मार्च से 10 अप्रैल 2022 के बीच 14 दिनों के भीतर 11 बार में कुल 3 करोड़ रुपए की रकम चुनाव क्षेत्र में पहुंचाई गई थी. इस रकम का बड़ा हिस्सा चुनाव प्रचार, स्थानीय व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक आयोजनों पर खर्च किया गया था.
जांच अधिकारियों ने इस डिजिटल चैट को घोटाले से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने के लिए एक अहम सबूत के तौर पर कोर्ट के सामने रखा है. अदालत में पेश छठे पूरक चालान के बाद कानूनी दांव-पेच और राजनीतिक खींचतान और तेज होने के आसार बढ़ गए हैं.
कुमार विश्वास का बयान नहीं आया सामने
राजनीति की चौखट पर अक्सर मंचों से हुंकार भरने वाले कवियों के नाम का इस तरह अदालती चालान में आना, इस पूरे कोल लेवी मामले को एक अलग ही मोड़ दे रहा है. अभी तक इस मामले में कुमार विश्वास का बयान सामने नहीं आया है. लेकिन अब इस पूरे मामले पर प्रदेश भर की निगाहें टिकी हुई हैं.