Last Updated:
Himachal Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना में लापरवाही का मामला सामने आया है. यूपी से आया एक परिवार शक्तिपीठों के दर्शन के दौरान अपने 8 साल के बच्चे को ढाबे पर ही छोड़कर 80 किलोमीटर आगे निकल गया. पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से गाड़ी का नंबर पता लगाया गया और फिर मालिक से संपर्क किया गया.
ढाबे पर अकेला छूटा बच्चा रोने लगा तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
ऊना. हिमाचल प्रदेश में लापरवाही का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश से शक्तिपीठों के दर्शन के लिए आया एक परिवार अपने आठ वर्षीय बच्चे को ढाबे पर ही छोड़कर करीब 80 किलोमीटर दूर निकल गया. परिवार को इतनी दूरी तय करने के बाद भी बच्चे के साथ न होने का एहसास नहीं हुआ.
उधर, ढाबे पर अकेला छूटा बच्चा रोने लगा तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने बच्चे को अपनी सुरक्षा में लेने के बाद उसके परिजनों की तलाश शुरू की. सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि परिवार किस वाहन से आया था और उसे कैसे ट्रेस किया जाए. इसके बाद पुलिस ने अम्ब चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टैम्पो ट्रैवलर को ट्रेस किया. वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक और फिर चालक से संपर्क किया गया. पुलिस की सूचना के बाद ही माता-पिता को एहसास हुआ कि उनका आठ वर्षीय बेटा पीछे छूट गया है. घटना ने परिवार की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, ऊना जिला के अम्ब क्षेत्र के धुसाड़ा की य़ह घटना है. बताया जा रहा है कि नाश्ता करने के बाद परिवार टैम्पो ट्रैवलर में सवार होकर आगे निकल गया, लेकिन उनका आठ वर्षीय बच्चा ढाबे पर ही छूट गया. बच्चे को जब अपने परिजन आसपास दिखाई नहीं दिए तो वह रोने लगा. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू की. परिवार के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी न होने के कारण पुलिस के सामने वाहन को ट्रेस करने की चुनौती थी.
इसके बाद पुलिस ने अम्ब चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर टैम्पो ट्रैवलर की पहचान की गई और उसके नंबर के जरिए वाहन मालिक से संपर्क साधा गया. इसके बाद पुलिस ने चालक से फोन पर बात की. पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर करीब 80 किलोमीटर दूर पहुंच चुके परिवार को पता चला कि उनका आठ वर्षीय बेटा ढाबे पर ही छूट गया है. पुलिस की तत्परता से बच्चे को सुरक्षित रखा गया और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई.
ऊना जिला के अम्ब क्षेत्र के धुसाड़ा की य़ह घटना है.
दुकानदार ने बताया कि हमने बच्चे को पुलिस को सौंप दिया था. लोग ऐसी लापरवाही ना करें. समाजसेवी विशाल ने बताया कि उन्हें बच्चे के पीछे छोड़ने के बारे में सूचना मिली थी. बाद में पुलिस को बुलाया था. किसी तरह परिवार से संपर्क किया गया और फिर बच्चा उन्हें सौंपा गया.
यूपी का परिवार था, 21 लोगों के साथ आया था
बताया जा रहा है कि लखनऊ के इंद्रा कस्बा थाना सदर इलाके से 21 श्रद्धालुओं का एक दल धार्मिक यात्रा पर हिमाचल आया था. 30 सितंबर ये सभी लोग ट्रेन से जम्मू पहुंचे और फिर माता वैष्णो देवी के दर्शन किए. यहां से सभी टेंपो ट्रैवलर से हिमाचल के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर रहे थे और मंगलवार को माता ज्वालाजी के दर्शन किए. बाद में माता चिंतपूर्णी होते हुए माता नैना देवी जाने के लिए रवाना हो गए. लेकिन बीच रास्ते में बच्चे को भूल गए.