Last Updated:
Barabanki News : ट्रेन के रसौली स्टेशन पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई. यात्री स्टेशन पर इधर-उधर दौड़ते नजर आए. दरअसल, इन लोगों के पास टिकट नहीं था और सुनने में आया कि चेकिंग करने वाले आए हैं. वैसे ही ये भागने लगे.
रसौली रेलवे स्टेशन पर मचा हड़कंप.
बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक अजीब ही तस्वीर सामने आई. यहां अचानक रसौली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया. कोई चलती ट्रेन से कूदने लगा तो कोई शौचालय में ही छिप गया. दरअसल, टिकट चेकिंग के डर से ये लोग इधर-उधर भाग रहे थे.
6 अक्टूबर को रेलवे के टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बेटिकट यात्रियों में भगदड़ मच गई. अयोध्या से लखनऊ जा रही ट्रेन संख्या 64215 में चेकिंग टीम ने जांच शुरू की तो कई बिना टिकट यात्री कार्रवाई से बचने के लिए भागने लगे. ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही कुछ यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी, जबकि कई यात्री शौचालय में छिप गए.
चेकिंग टीम ने तलाशी लेकर छिपे यात्रियों को बाहर निकाला और उनके खिलाफ कार्रवाई की. उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारियों के नेतृत्व में चले अभियान में पकड़े गए यात्रियों को लखनऊ ले जाकर रेलवे नियमों के तहत जुर्माना वसूला गया. इस दौरान स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि बिना टिकट यात्रा न करें और चलती ट्रेन से कूदकर जान जोखिम में न डालें.
लाखों का जुर्माना
इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कुल 371 बेटिकट यात्रियों को हिरासत में लिया गया. रेलवे टीम ने इन यात्रियों से कुल 2 लाख 86 हजार 580 रुपये का जुर्माना वसूला. इसके अलावा नियम उल्लंघन के 36 गंभीर मामलों को एसीजेआरएम (ACJRM) कोर्ट में पेश किया गया. चेकिंग का एक वीडियो भी सामने आया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन वीडियो में रसौली स्टेशन और आला अधिकारी साफ दिखाई दे रहे हैं.