Last Updated:
Ujjain News: उज्जैन की श्रीकृष्ण कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय विधान कुशवाह की सोमवार सुबह अचानक मौत हो गई. वह स्कूल बस पकड़ने के लिए दौड़ रहा था, तभी सड़क पर गिर पड़ा. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है.
विधान कुशवाहा की फाइल फोटो. घर पर शोक में बैठे परिजन.
Ujjain News: उज्जैन से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र की अचानक मौत हो गई. मृतक छात्र का नाम विधान कुशवाह है. वह उज्जैन की श्रीकृष्ण कॉलोनी का रहने वाला था. विधान रोज की तरह सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था. उसकी मां आशा कुशवाह उसे बस में बैठाने साथ गई थीं.
अंकपात रोड पर स्कूल बस थोड़ी दूरी पर जाकर रुकी. विधान बस पकड़ने के लिए तेजी से दौड़ा. इसी दौरान वह अचानक सड़क पर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला. परिजन उसे फौरन एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में डॉक्टरों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है.
पढ़ाई और खेलकूद में अव्वल था विधान
विधान पढ़ाई में बहुत होनहार था. साथ ही वह खेलकूद में भी काफी सक्रिय रहता था. उसने टेबल टेनिस और रेस जैसी प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार जीते थे. वह बहुत ही मिलनसार स्वभाव का लड़का था. उसकी प्रतिभा और व्यवहार की वजह से मोहल्ले के लोग उसे बहुत पसंद करते थे. वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद गजेंद्र हिरवे ने बताया कि विधान की मौत की खबर से पूरा मोहल्ला स्तब्ध है.
परिवार की बेहद दर्दनाक और भावुक कहानी
विधान की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. परिवार में उसकी कहानी बहुत ही भावुक करने वाली है. विधान अपने परिवार के दो भाइयों के बीच इकलौता बेटा था. करीब 15 साल पहले विधान के पिता संजय कुशवाहा के छोटे भाई रितेश कुशवाह की पत्नी कविता कुशवाह का निधन हो गया था. उस समय विधान बहुत छोटा दूधमुंहा बच्चा था.
निधन के समय कविता ने अपने बेटे विधान को अपने जेठ संजय कुशवाह को सौंप दिया था. संजय कुशवाह की शादी के बाद कोई संतान नहीं हुई थी. उन्होंने विधान को ही अपना बेटा मानकर उसका पालन-पोषण किया. उन्होंने विधान को बहुत लाड़-प्यार से बड़ा किया और उसकी हर इच्छा का ख्याल रखा.
गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
सोमवार को गमगीन माहौल में विधान का अंतिम संस्कार कर दिया गया. जिस घर में विधान को बेटे की तरह प्यार मिला, उस घर का चिराग अचानक बुझ गया. 16 साल के होनहार छात्र के अचानक चले जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है.