Sahila Heer and Nitin Kumar Singh IAS Love Story: पंजाब की साहिला, यूपी के नितिन, LBSNAA में मुलाकात, शादी करते ही बिहार में मिली पोस्टिंग

Sahila Heer and Nitin Kumar Singh IAS Love Story: पंजाब की साहिला, यूपी के नितिन, LBSNAA में मुलाकात, शादी करते ही बिहार में मिली पोस्टिंग


Last Updated:

Sahila Heer and Nitin Kumar Singh IAS: यूपीएससी 2018 बैच के आईएएस कपल साहिला हीर और नितिन कुमार सिंह की लव स्टोरी बेहद दिलचस्प है. मसूरी में स्थित LBSNAA में शुरू हुई इनकी दोस्ती प्यार में बदली तो साहिला ने त्रिपुरा से बिहार कैडर में ट्रांसफर करवा लिया. वर्तमान में साहिला हीर बक्सर की डीएम हैं.

Zoom

IAS Love Story: साहिला और नितिन कुमार सिंह की मुलाकात LBSNAA में हुई थी

नई दिल्ली (Sahila Heer IAS). यूपीएससी की कठिन राह जितनी मुश्किल मानी जाती है, इसकी मंजिल और इस दौरान मिलने वाले अनुभव उतने ही खूबसूरत होते हैं. सिविल सेवा की लंबी तैयारी और मुस्कुराते सफर में कई बार जिंदगी के सबसे खूबसूरत रिश्ते भी जुड़ जाते हैं. मसूरी की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) यानी आईएएस ट्रेनिंग एकेडमी से शुरू हुई एक प्रेम कहानी चर्चा में है. यह कहानी है 2018 बैच के 2 तेजतर्रार IAS अफसरों-साहिला हीर और नितिन कुमार सिंह की.

साहिला हीर मूल रूप से पंजाब के जालंधर की रहने वाली हैं. वह वर्तमान में बिहार के बक्सर जिले की DM हैं. उनके पति आईएएस नितिन कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के वाराणसी से ताल्लुक रखते हैं. वह वर्तमान में राज्य स्तर पर माध्यमिक शिक्षा के निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं. आईएएस की लव स्टोरी मिसाल है कि जब एक से सपने देखने वाले 2 लोग एक राह पर चलते हैं तो मुश्किलें भी खुद-ब-खुद आसान हो जाती हैं. पढ़िए आईएएस साहिला हीर और आईएएस नितिन कुमार सिंह की लव स्टोरी.

कौन हैं IAS साहिला हीर? इंजीनियरिंग के बाद किया इवेंट मैनेजमेंट

साहिला हीर का जन्म 22 फरवरी 1991 को पंजाब के जालंधर में हुआ था. उनके पिता बीएल हीर पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में डिप्टी चीफ इंजीनियर पद से रिटायर्ड हैं और मां कुलजीत हीर स्कूल प्रिंसिपल थीं. शुरुआती पढ़ाई जालंधर के एमजीएन स्कूल से करने के बाद साहिला ने पटियाला के ‘थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी’ से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन कंट्रोल में बीटेक की डिग्री ली. इसके बाद उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया.

सिविल सेवा में बढ़ी रुचि

बीटेक के बाद साहिला ने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी. हालांकि यह सफर आसान नहीं था. शुरुआती 3 प्रयासों में वह फेल हो गईं. फिर चौथे प्रयास में 572वीं रैंक हासिल कर 2018 बैच की आईएएस अधिकारी बन गईं. उन्हें त्रिपुरा कैडर मिला था. नितिन कुमार सिंह से शादी के बाद कैडर बदलवा लिया. बिहार में नरकटियागंज की एसडीओ, सहरसा-पूर्णिया की डीडीसी और प्राथमिक शिक्षा निदेशक जैसी जिम्मेदारियां निभाने के बाद दिसंबर 2025 में उन्हें बक्सर जिले की DM के रूप में बड़ी कमान सौंपी गई.

IIT कानपुर से प्रशासनिक गलियारों में पहुंचे IAS नितिन कुमार सिंह

आईएएस नितिन कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक शहर वाराणसी के रहने वाले हैं. उन्होंने देश के सबसे प्रीमियम इंजीनियरिंग संस्थान IIT कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने भी सिविल सेवा की तैयारी का रुख किया और अपनी मेहनत के दम पर 2018 बैच में ही आईएएस का पद हासिल किया. वे बिहार कैडर के अधिकारी हैं. उन्होंने अपनी प्रशासनिक यात्रा पटना सदर के एसडीओ के रूप में शुरू की.

पड़ोसी जिलों में पोस्टेड पति-पत्नी

आईएएस नितिन कुमार सिंह ने मधेपुरा के DDC और भागलपुर नगर आयुक्त के तौर पर अपनी धाक जमाई. दिसंबर 2025 में जब साहिला को बक्सर की कमान मिली, उसी दौरान नितिन को कैमूर का DM बनाया गया था. पति-पत्नी  पड़ोसी जिलों के मुखिया के रूप में सेवाएं दे रहे थे. हालांकि, अगस्त 2026 में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद उन्हें माध्यमिक शिक्षा का निदेशक बना दिया गया. दोनों की जोड़ी प्रशासनिक जगत में आदर्श जोड़ी मानी जाती है. इन्होंने अपने प्यार और कर्तव्यनिष्ठा, दोनों को बेहतरीन तरीके से निभाया है.



Source link