MP CG TOP NEWS LIVE: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल दौरे पर, अब भक्तों को मिलेगा महाकाल को अर्पित प्रसाद

MP CG TOP NEWS LIVE: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल दौरे पर, अब भक्तों को मिलेगा महाकाल को अर्पित प्रसाद


MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

दो दिन के बीजेपी के मंथन से निकला अमृत, MP में अब बदली-बदली नजर आएगी पार्टी
मध्य प्रदेश बीजेपी के नेताओं की बैठक के बाद अब पार्टी राज्य में बदली-बदली नजर आएगी. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, पहले ही दौरे में प्रदेश प्रभारी ने नेताओं को दो टूक कहा कि वे गुटबाजी पर ब्रेक लगाएं. नेता खुलेआम नाराजगी बयां नहीं करेंगे. कोर कमेटी में भी कई नाम जुड़ेंगे. JCB से फूल बरसाने पर भी नाराजगी जताई. मनमुटाव की भी रिपोर्ट बनी. प्रभारी अब यह रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को देंगे.

रिटायर्ड IAS अफसर राकेश अग्रवाल हत्याकांड: सुपारी किलिंग की तरफ मुड़ी शक की सुई
भोपाल में रिटायर्ड IAS अफसर राकेश अग्रवाल की हत्या में शक की सुई सुपारी किलिंग की तरफ मुड़ी. मर्डर का गुरुग्राम और आगरा कनेक्शन सामने आ रहा है. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, राकेश अग्रवाल ने पुराने परिचित के खिलाफ क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवाई थी. 11 महीने पहले परिचित के खिलाफ एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया था. गुरुग्राम के अजीत पाटनी के खिलाफ झांसा देने का केस दर्ज करवाया था. अक्टूबर 2025 में FIR दर्ज हुई थी. आरोपी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था. जांच में कई और लोगों के साथ लेनदेन का खुलासा हुआ है. घर से सोने की चेन, अंगूठियां और अलमारी से घड़ियां गायब हैं.

MP क्रिकेट टीम के कप्तान बने भिंड के सक्षम पुरोहित
मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम की घोषणा मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा कर दी गई है. टीम का कप्तान चंबल के भिंड के विकेटकीपर और ओपनर बल्लेबाज सक्षम पुरोहित को बनाया गया है. वहीं भिंड के ही विष्णु भारद्वाज और रोहित राजावत को भी मध्य प्रदेश की टीम में जगह मिली है. तीनों ही खिलाड़ियों ने भिंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चौधरी दिलीप सिंह लॉ कॉलेज मैदान पर कोच रविशेखर कटारे से क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं. दरअसल 12 अक्टूबर से अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी खेली जाएगी, जिसमें मध्य प्रदेश टीम कुल 6 मैच खेलेगी. यह मैच चंडीगढ़, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू कश्मीर और गुजरात के खिलाफ खेले जाएंगे. भिंड के तीनों खिलाड़ियों के चयन पर चंबल डिवीजन के अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, चौधरी दिलीप सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी, भिंड जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व विधायक चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, सचिव दिनेश चतुर्वेदी सहित सभी साथी और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने बधाई दी है.

रायपुर में आज होगी राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा
रायपुर में आज राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा होगी. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजन होगा. सुबह 10 बजे बूढ़ापारा के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम होगा. शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे. राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी. भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आयोजन करेगा. सर्वधर्म प्रार्थना सभा में शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा.

आज भोपाल पहुंचेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल पहुंचेंगे. वह भोपाल में 23 घंटे रहेंगे. वह आज रात 9 बजे पहुंचेंगे. गृह मंत्री 35000 गोपालकों से संवाद करेंगे. होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे. 3 अक्टूबर को वह दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ भी करेंगे. वह भोपाल बायपास स्थित भौंरी में IISER के अत्रि परिसर के कार्यक्रम में शामिल होंगे. अमित शाह भेल दशहरा मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे. गृह मंत्री आंतरिक सुरक्षा पर बड़ी बैठक लेंगे. यह मीटिंग करीब दो घंटे चलेगी. आंतरिक सुरक्षा पर पहली बार देश में ऐसी बैठक होने जा रही है. गृह सचिव, IB और NCRB चीफ भी शामिल होंगे. नए आपराधिक कानून, आतंकवाद, माओवादी हिंसा पर चर्चा होगी. केंद्र-राज्य समन्वय के तहत साइबर अपराध पर विशेष फोकस रहेगा. अमित शाह 3 अक्टूबर रात करीब 8 बजे भोपाल से रवाना होंगे.

उज्जैन मंदिर प्रबंध समिति का नवाचार, अब महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा बाबा को अर्पित प्रसाद
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशन में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अभिनव पहल की जा रही है. इसके तहत मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल को अर्पित की गई प्रसादी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है. इस व्यवस्था के लिए मंदिर के प्रमुख स्थानों पर विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे. प्रथम चरण में मंदिर परिसर और निर्गम चैनल के समीप काउंटर के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया जाएगा. श्रद्धालुओं को परंपरागत प्रसादी के साथ बाबा महाकाल को अर्पित पुष्प एवं बेलपत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल का आशीर्वाद स्वरूप प्रसादी सहज रूप से उपलब्ध कराना और उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े अनुभव को और अधिक सार्थक बनाना है. श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक भावनाओं को केंद्र में रखते हुए इस व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा.



Source link