सीकर: कभी सेना भर्ती रैली में 30-35 हजार युवाओं की भीड़ जुटती थी, लेकिन अग्निपथ योजना लागू होने के बाद भर्ती का पूरा गणित बदल गया है. अब कम संख्या में अभ्यर्थी रैली में पहुंच रहे हैं, लेकिन चयन की प्रक्रिया पहले से अलग और चरणबद्ध हो गई है. सीकर के सांवली रोड स्थित जिला खेल स्टेडियम में 1 अक्टूबर से अग्निवीर सेना भर्ती रैली शुरू हो गई है. 23 अक्टूबर तक चलने वाली इस रैली में राजस्थान के छह जिलों के 12,270 अभ्यर्थी शामिल होंगे.
610 युवा आज लगाएंगे दौड़
35 हजार से 6 हजार तक पहुंची सीकर में युवाओं की भीड़
अग्निपथ योजना जून 2022 में लागू होने के बाद सेना भर्ती का स्वरूप बदल गया. इससे पहले सीकर की सेना भर्ती रैलियों में करीब 35 हजार तक युवा पहुंचते थे. 2023 की अग्निवीर भर्ती में सीकर से करीब 12 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए और 4 हजार से अधिक का चयन हुआ था. 2024 में करीब 13 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें लगभग ढाई हजार चयनित हुए. 2025 में करीब 10 हजार अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए. अब यह संख्या करीब 6 हजार के आसपास रह गई है. यानी चार साल में सेना भर्ती का मैदान वही है, युवाओं का सपना भी वही है, लेकिन भर्ती का पूरा गणित बदल चुका है. सीकर में शुरू हुई यह रैली आने वाले 23 दिनों तक उन हजारों युवाओं की मेहनत का इम्तिहान लेगी, जिन्होंने सेना की वर्दी पहनने के लिए महीनों पसीना बहाया है.