Last Updated:
बिहार एमएलसी चुनाव में महागठबंधन में दरार. कांग्रेस ने 5 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, 4 पर आरजेडी के खिलाफ. आरजेडी ने भी पटना, कोसी, दरभंगा स्नातक सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए.
पटना: बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर गठबंधन के बीच एक बार फिर दरार देखने को मिल रही है. इससे पहले बिहार के विधानसभा चुनाव में भी महागठबंधन के बीच खींचतान देखने को मिली थी. अब उसी तरह विधान परिषद में भी कुछ सीटों पर फ्रेंडली फाइट की तस्वीर दिख रही है. कांग्रेस ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी है. इनमें से चार सीटों पर कांग्रेस ने आरजेडी के खिलाफ उम्मीदवार उतारा है.
आरजेडी और कांग्रेस दोनों 4 सीटों पर आमने सामने होंगी. आरजेडी ने पटना शिक्षक से संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है. पटना स्नातक से दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है. इधर कोसी स्नातक से नितेश कुमार आरजेडी के उम्मीदवार बने हैं और दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा आरजेडी के उम्मीदवार हैं.
बिहार की आठ सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव की तैयारी तेज हैं. प्रशांत किशोर और आम आदमी पार्टी की एंट्री ने इस चुनाव को और रोचक बना दिया. यहां विधान परिषद की चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव होना है. बीजेपी, आम आदमी पार्टी और प्रशांत किशोर ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं. इन सबके बीच नीतीश कुमार की जेडीयू अभी अपने अंदर की गुटबाजी के साथ ही एमएलसी चुनाव की तैयारी में भी है.
इस चुनाव के लिए बीजेपी ने पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया है. इसके अलावा बची हुई चार सीटों पर जेडीयू ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं. इनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक क्षेत्र से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया है.
इधर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने भी सभी आठ सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है. ऐलान के बाद जन सुराज ने दो सीटों से पार्टी के उम्मीदवारों को बदला भी है.
इस चुनाव को लेकर जेडीयू के भीतर अंदरखाने अलग ही तनातनी जारी है. जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह एक दूसरे का खुलकर विरोध कर रहे हैं. दोनों ही नेता जेडीयू के हैं. यहां तक की मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के कैंडिडेट अनुज सिंह को अपना समर्थन दे दिया. अनंत सिंह जो कर रहे हैं इसे पार्टी लाइन के खिलाफ जाना या पार्टी के अनुशासन को तोड़ना भी कह सकते हैं लेकिन, यह पार्टियों को तय करना है.
आम आदमी पार्टी ने भी चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है. हालांकि, आम आदमी पार्टी यानी आप के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने साफ किया कि पार्टी बिहार एमएलसी चुनाव की सभी आठ सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी.