Last Updated:
Dosa Breakfast Recipe: ब्रेकफास्ट में कुछ चटपटा खाने का मन हो और ज्यादा हैवी खाना भी नहीं खाना हो तो ढोकला एक बेहतरीन विकल्प है. इसे आप इंस्टेंट भी बना सकते हैं, और इसे चटपटी चटनी के साथ खा सकते हैं. यहां घर पर आसानी से ढोकला कैसे बना सकते हैं, पूरी विधि जानिए.
ढोकला गुजराती नाश्ता है, जिसे लगभग पूरे देश में काफी पसंद किया जाने लगा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पचने में भी आसान होता है. बेसन से बनने वाला ढोकला भाप में पकाया जाता है, इसलिए इसमें तेल का इस्तेमाल बहुत कम होता है. यही वजह है कि इसे हेल्दी स्नैक भी माना जाता है. सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की हल्की भूख तक, ढोकला हर समय खाने के लिए अच्छा विकल्प है.
इसकी नरम और स्पंजी बनावट बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. आमतौर पर इसे हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी के साथ परोसा जाता है. अगर आप घर पर बाजार जैसा मुलायम ढोकला बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बहुत काम आएगी. कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप कम समय में स्वादिष्ट और फूला-फूला ढोकला तैयार कर सकते हैं.
घर पर ऐसे बनाएं नरम और स्पंजी ढोकला
सामाग्री
1 कप बेसन
2 बड़े चम्मच सूजी (रवा)
1 कप दही
3 बड़े चम्मच तेल
1 इंच अदरक, कद्दूकस किया हुआ
2–3 हरी मिर्च, कटी हुई
2 बड़े चम्मच हरा धनिया, कटा हुआ
1 छोटा चम्मच नमक
1 बड़ा चम्मच चीनी
¼ छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच ईनो (Eno)
½ छोटा चम्मच अजवाइन
½ छोटा चम्मच राई
1 छोटा चम्मच सफेद तिल
8–10 करी पत्ते
विधि
- ढोकला बनाने के लिए सबसे पहले बेसन, सूजी, दही, अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च, हल्दी, नमक और चीनी को एक बड़े बर्तन में डालें. इसमें जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें. अब इस घोल को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
- इसके बाद घोल में 1 छोटा चम्मच ईनो डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. ध्यान रखें कि ईनो डालने के बाद घोल को ज्यादा न चलाएं, वरना ढोकला उतना फूला हुआ नहीं बनेगा.
- अब एक थाली या स्टीमर प्लेट को हल्के तेल से चिकना करें और उसमें तैयार घोल डाल दें. स्टीमर में पानी गर्म करें और थाली को उसमें रखकर 10 से 15 मिनट तक भाप में पकाएं. ढोकला पक गया है या नहीं, यह जांचने के लिए उसमें टूथपिक डालें. अगर टूथपिक साफ बाहर निकल आए तो ढोकला तैयार है.
ऐसे करें सर्व
ढोकला को सर्व करने से पहले इसमें तड़का लगाना जरूरी है. ऐसे में इसके लिए एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई, सफेद तिल, करी पत्ता और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भून लें. तैयार तड़के को ढोकले के ऊपर समान रूप से डाल दें. अब ऊपर से कटा हुआ हरा धनिया छिड़कें और ढोकले को चौकोर टुकड़ों में काट लें. इसे हरी चटनी के साथ परोसें.