Jharkhand: गंगा के कटाव से रेलवे ट्रैक पर मंडराया खतरा, एक ट्रेन कैंसिल तो कई का रूट बदला

Jharkhand: गंगा के कटाव से रेलवे ट्रैक पर मंडराया खतरा, एक ट्रेन कैंसिल तो कई का रूट बदला


Last Updated:

Jharkhand: झारखंड के साहिबगंज में गंगा नदी का कटाव अब रेलवे ट्रैक के लिए खतरा बन गया. महाराजपुर और सकरीगली के बीच झुंझरी पुल के पास कटाव तेज होने से ट्रैक के करीब मिट्टी धंस गई. गंगा का पानी अब रेल पटरी से करीब 15 मीटर की दूरी तक पहुंच गया. खतरे को देखते हुए एक पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई, जबकि कई ट्रेनों का रूट बदला गया है.

Zoom

गंगा कटाव से साहिबगंज में ट्रेन परिचालन प्रभावित.

साहिबगंजः झारखंड के साहिबगंज से चौंकाने वाला सामने आया. यहां गंगा नदी का कटाव अब रेलवे ट्रैक के लिए खतरा बनता जा रहा है. ईस्टर्न रेलवे के मालदा मंडल के साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड में महाराजपुर और सकरीगली के बीच झुंझरी पुल के पास मंगलवार दोपहर अचानक कटाव तेज हो गया. डाउन लाइन के पोल संख्या 219/32 के पास मिट्टी धंसने के बाद रेलवे ने तुरंत बचाव और कटावरोधी काम शुरू कर दिया. गंगा का पानी अब रेलवे ट्रैक से करीब 15 मीटर की दूरी तक पहुंच गया है. स्थिति को देखते हुए इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है.

कटाव की सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची. कर्मचारियों ने धंसी मिट्टी वाले हिस्से में गर्दी, बोल्डर, गिट्टी और दूसरी सामग्री डालकर मरम्मत का काम शुरू किया. रेलवे की टीम लगातार कटाव वाले हिस्से पर नजर रख रही है, ताकि पानी का बहाव ट्रैक तक न पहुंचे.

एक ट्रेन रद्द, दूसरी साहिबगंज तक चली
कटाव को देखते हुए साहिबगंज-रामपुरहाट डाउन पैसेंजर ट्रेन संख्या 63406 को रद्द कर दिया गया. वहीं जमालपुर-रामपुरहाट डाउन पैसेंजर ट्रेन संख्या 53408 को रामपुरहाट के बजाय साहिबगंज तक ही चलाया गया. इसके अलावा शाम करीब पांच बजे साहिबगंज स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर रामपुरहाट जाने वाली लोकल ट्रेन को भी रोक दिया गया. ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही. इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

कई ट्रेनों का बदला गया रूट
कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर से साहिबगंज आने वाली कई ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है. रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. रेलखंड पर सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है. महाराजपुर स्टेशन प्रबंधक अमरजीत कुमार ने बताया कि पोल संख्या 219/32 के पास मिट्टी धंसने की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई. इसके बाद रेलवे की टीम को मौके पर भेजा गया और बचाव कार्य शुरू कराया गया.

मौके पर पहुंच सकते हैं मालदा के अधिकारी
गंगा के लगातार कटाव और रेलवे ट्रैक के करीब पहुंचते पानी को देखते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर रख रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, मालदा के एडीआरएम समेत अन्य अधिकारी महाराजपुर पहुंचकर मौके का जायजा ले सकते हैं. फिलहाल रेलवे की टीम कटाव रोकने और ट्रैक को सुरक्षित रखने में जुटी है. गंगा का पानी रेलवे ट्रैक से करीब 15 मीटर दूर होने के कारण स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों की प्राथमिकता रेल लाइन को किसी भी तरह के नुकसान से बचाना और ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित रखना है.



Source link