Last Updated:
Supaul Kidnapping: सुपौल में दिनदहाड़े युवक के अपहरण और फायरिंग की वारदात के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा एक्शन लिया. भीमपुर थाना क्षेत्र से अगवा किए गए जिशान खान को पुलिस ने बदमाशों के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया. मामले में एक आरोपी को घटना में इस्तेमाल चार पहिया वाहन के साथ पकड़ा गया. पुलिस ने इस कार्रवाई के लिए SIT गठित की थी.
पुलिस ने अपहृत युवक जिशान खान को सकुशल बरामद किया.
सुपौलः बिहार के सुपौल में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन सामने आया. जहां सोमवार को दिनदहाड़े किडनैपिंग के मामले में पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद कर लिया. साथ ही एक बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. मामला भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज वार्ड नंबर-15 स्थित एसएच-91 पर सोमवार को हुआ था. पुलिस ने अपहृत युवक जिशान खान, पिता खुर्शीद खान, निवासी महद्दीपुर, थाना छातापुर को सकुशल बरामद किया है.
भीमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए अपहरण की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया. पुलिस ने अपहृत युवक जिशान खान को सकुशल बरामद कर लिया. मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई. पुलिस के मुताबिक अपहरण के दौरान दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई थी. घटना के बाद एसपी ने एसडीपीओ त्रिवेणीगंज दिलीप कुमार के नेतृत्व में SIT गठित की थी.
SH-91 के पास से हुआ था अपहरण
जिशान खान, पिता खुर्शीद खान, छातापुर थाना क्षेत्र के महद्दीपुर का रहने वाला है. सोमवार को भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज वार्ड नंबर-15 में SH-91 के पास उसका अपहरण कर लिया गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चार पहिया वाहन से आए अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई थी. सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामला गंभीर होने के कारण पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष जांच टीम का गठन किया.
SIT ने शुरू की छापेमारी
SIT को अलग-अलग टीमों में बांटकर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के निर्देश दिए गए. पुलिस ने आसूचना संकलन, वैज्ञानिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अपहरण में शामिल लोगों की पहचान शुरू की. इसके बाद अररिया पुलिस और STF की टीम का भी सहयोग लिया गया. संयुक्त कार्रवाई में जिशान खान को सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चार पहिया वाहन को भी बरामद किया है.
रुपये के लेन-देन का विवाद आया सामने
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ में अपहरण की वजह को लेकर अहम जानकारी मिली है. आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि जिशान खान और आरोपियों के बीच अवैध कारोबार में रुपये के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया. हालांकि पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है. मामले में भीमपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब अपहरण की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.