Last Updated:
Begusarai Gang Rape News: बिहार के बेगूसराय से एक शर्मनाक घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक महिला का अपहरण कर एक होटल में ले जाकर उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है. पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के एक होटल का है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
बेगूसराय में महिला से होटल में गैंगरेप का आरोप
बेगूसराय. बिहार के बेगूसराय में अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर एक महिला को ब्लैकमेल करने का आरोप सामने आया है. पीड़िता का आरोप है कि दो युवकों ने पहले उसे अपने जाल में फंसाया और फिर होटल में ले जाकर मारपीट की और चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया. महिला ने बाथरूम में खुद को बंद कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसकी जान बचाई जा सकी. घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं.
बकाया वसूलने निकली महिला को बाइक पर बैठाया
बताया जा रहा है कि बीती रात अपराधियों ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक महिला का पहले अपहरण किया फिर उसे एक होटल में ले जाकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया. इसके बाद चाकू की नोंक पर महिला के साथ घंटों बलात्कार करता रहा. बाद में किसी तरह महिला ने बाथरूम जाने के बहाने अपने आप को बाथरूम में कैद कर लिया और वहां से परिजनों को मोबाइल के माध्यम से इसकी सूचना दी. इसके बाद परिजनों ने आकर किसी तरह उस महिला की जान बचाई. लेकिन, तब तक आरोपी युवक मौके से फरार होने में सफल हो गया. हैरानी की बात यह है कि घंटों चली, लेकिन इस घटना के दौरान न तो होटल के किसी स्टाफ और न ही किसी सुरक्षाकर्मी ने इस घटना की जानकारी लेने की कोशिश की. पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के एक होटल की है. हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
होटल में मारपीट और चाकू दिखाकर दुष्कर्म का आरोप
बताया जा रहा है की प्रीत महिला सुबह सहायता समूह का बकाया राशि वसूल करने के लिए घर से निकली थी. इसी दौरान विक्रम कुमार नामक युवक उससे मिला एवं बेगूसराय जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र से पीड़ित महिला को अपनी बाइक पर बैठकर नगर थाना क्षेत्र के हर-हर महादेव चौक के समीप ले गया. वहां पर रोहित कुमार नामक युवक पहले से ही उन लोगों की प्रतीक्षा कर रहा था. इसके बाद दोनों युवकों ने उक्त महिला को लेकर पहले एक होटल के एक कमरे में ले गए. आरोप के मुताबिक, वहां रोहित कुमार एवं विक्रम कुमार ने उक्त महिला के साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
AI से न्यूड वीडियो बनाने की धमकी, जांच पर सवाल
पीड़ित महिला ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि पूर्व में ही विक्रम कुमार और रोहित कुमार ने एआई के माध्यम से उनका न्यूड वीडियो बनाया था, और उसे वायरल करने की धमकी दी थी. वहीं, ऐसा नहीं करने के लिए महिला से पैसे की मांग की जा रही थी और साथ ही शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा था. लेकिन, महिला ने जब इस बात को नहीं माना तब कल आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बचती नजर आ रही है. हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.