थप्पड़ कांड में प्रवेश वर्मा पर एक्शन, BNS की धारा 115 में केस दर्ज
Last Updated:
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ पश्चिमी दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने के आरोप में पुलिस ने नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की है. उनपर बीएनएस की धारा 115 के तहत केस दर्ज किया गया है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने मारपीट और सुरक्षाकर्मियों द्वारा धमकाए जाने का आरोप लगाया है. वहीं, मंत्री ने आप विधायक जरनैल सिंह पर ठेकेदार से कमीशन मांगने और हिस्ट्रीशीटरों को लाने का गंभीर आरोप लगाया.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
विकासपुरी के थप्पड़ कांड पर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक्शन हुआ है. पुलिस ने मंत्री जी पर नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज कर ली है. बीएनएस की धारा 115 के तहत प्रवेश वर्मा पर ये कार्रवाई की गई है. दिल्ली की राजनीति में उस वक्त भूचाल आ गया था जब पश्चिम दिल्ली में एक नवनिर्मित सड़क के निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा का एक शख्स को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ था. मंत्री प्रवेश वर्मा एक नई सड़क का निरीक्षण कर रहे थे और इस दौरान साहिब सिंह नाम का व्यक्ति वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. आरोप है कि मंत्री ने उसे थप्पड़ मारा और उनके सुरक्षाकर्मियों ने उसके साथ हाथापाई और धमकी दी. हालांकि, इस मामले पर पलटवार करते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह पर ठेकेदार से कमीशन मांगने और मौके पर हिस्ट्रीशीटरों को लाने के गंभीर आरोप लगाए हैं.