नई दिल्ली (Career Options After 12th). बोर्ड परीक्षाएं खत्म होते ही हर स्टूडेंट के मन में एक ही सपना होता है- IIT, टॉप मेडिकल कॉलेज या नंबर 1 यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेना. इसके लिए वे जेईई, नीट और सीयूईटी जैसी बड़ी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में दिन-रात एक कर देते हैं. लेकिन सब इनमें सफल नहीं हो पाते. अक्सर लोगों को लगता है कि इनमें फेल होने का मतलब है करियर के रास्ते बंद होना. अगर आप भी इन परीक्षाओं में सफल नहीं हो पाए हैं तो दिल छोटा करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
जेईई, नीट, सीयूईटी के बिना मिलेगा एडमिशन
आपको चाहे क्रिएटिव फील्ड में जाना हो या टेक और मैनेजमेंट की दुनिया में धमाल मचाना हो, आपके लिए ढेरों विकल्प खुले हैं. जानिए 5 शानदार और डिमांडिंग कोर्स के बारे में, जिनके लिए जेईई, नीट और सीयूईटी जैसी प्रवेश परीक्षाएं पास करने की कोई जरूरत नहीं है.
1. डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट
आज का दौर डिजिटल हो चुका है. हर छोटी-बड़ी कंपनी अपने ब्रांड को प्रमोट करने के लिए डिजिटल मार्केटर्स पर पानी की तरह पैसा बहा रही हैं. 12वीं के बाद आप किसी भी अच्छे इंस्टीट्यूट से डिजिटल मार्केटिंग का शॉर्ट-टर्म या डिप्लोमा कोर्स कर सकते हैं. डिजिटल मार्केटिंग कोर्स में एसईओ, सोशल मीडिया ऐड्स, गूगल एनालिटिक्स और कंटेंट स्ट्रैटेजी सिखाई जाती है. खास बात है कि इस फील्ड में डिग्री से ज्यादा क्रिएटिविटी और स्किल्स मायने रखती हैं.
2. UI/UX डिजाइनिंग
अगर आपको ऐप्स और वेबसाइट्स का लेआउट देखना पसंद है और आपकी दिलचस्पी डिजाइनिंग में है तो UI/UX (यूजर इंटरफेस/यूजर एक्सपीरियंस) डिजाइनिंग वरदान साबित हो सकती है. हर स्टार्टअप और टेक कंपनी को ऐसे डिजाइनर्स की तलाश होती है जो यूजर फ्रेंडली इंटरफेस बना सकें. यह ऐसा हाई-पेइंग सेक्टर है जहां 12वीं के बाद बिना किसी कठिन परीक्षा के डायरेक्ट डिप्लोमा या डिग्री कोर्स करके लाखों का पैकेज पाया जा सकता है.
3. डेटा एनालिटिक्स और बेसिक कोडिंग
कंप्यूटर और नंबर्स से खेलना पसंद है तो डेटा एनालिटिक्स आज के समय का सबसे हॉट करियर ऑप्शन है. कंपनियां अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए डेटा का इस्तेमाल करती हैं. पाइथन, एसक्यूएल और एक्सेल जैसी बेसिक स्किल्स सीखकर आप डेटा एनालिस्ट बन सकते हैं. इसके लिए किसी बड़े इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम की जरूरत नहीं होती, बस तार्किक क्षमता (Logical Thinking) अच्छी होनी चाहिए.
4. होटल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी
अगर कम्युनिकेशन स्किल्स अच्छी हैं और आपको लोगों से मिलना-जुलना पसंद है तो होटल मैनेजमेंट आपके लिए बेहतरीन फील्ड है, फाइव स्टार होटल, क्रूज शिप, एयरलाइंस और टूरिज्म सेक्टर में हमेशा ट्रेन्ड प्रोफेशनल्स की भारी डिमांड रहती है. इसमें एडमिशन के लिए कई कॉलेज अपने लेवल पर नॉर्मल एप्टीट्यूड टेस्ट लेते हैं या सीधे 12वीं के मार्क्स के आधार पर दाखिला मिल जाता है.
5. मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म
लिखने, बोलने, वीडियो एडिटिंग या एंकरिंग का शौक है तो मास कम्युनिकेशन बेहद ग्लैमरस और रोमांचक करियर साबित हो सकता है. आज डिजिटल मीडिया, यूट्यूब चैनल्स, पॉडकास्ट और न्यूज पोर्टल्स की भरमार है जहां टैलेंटेड युवाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है. 12वीं के बाद बिना किसी झंझट के इस फील्ड में एंट्री लेकर अपनी एक अलग पहचान बना सकते हैं.