Last Updated:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज के थाची के वीर सिंह द्वारा तैयार पारंपरिक रणसिंघा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया जाएगा. यह जीआई टैग प्राप्त रणसिंघा पीतल और तांबे से
मंडी जिले के सराज के थाची के वीर सिंह की ओर से तैयार पारंपरिक रणसिंघा राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया जाएगा.
मंडी. हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कला देश-दुनिया में मशहूर है. ऐसे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इसी का नमूना पेश किया जाएगा. मंडी जिले के सराज के थाची के वीर सिंह की ओर से तैयार पारंपरिक रणसिंघा राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया जाएगा.
दरअसल, 6 से 8 अक्तूबर तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल का दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान 6 अक्तूबर को बिलासपुर स्थित एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी. इसी समारोह में उन्हें हाल ही में जीआई टैग मान्यता प्राप्त यह विशेष रणसिंघा भेंट किए जाने की तैयारी है. इस स्मृति चिन्ह में 2 रणसिंघे और बीच में संस्थान का लोगो डिजाइन किया गया है. जिन्हें पीतल और तांबे की धातु के द्वारा बनाया गया है.
वीर सिंह और उनका पूरा परिवार पीढ़ियों से इस पारंपरिक हस्तशिल्प कला से जुड़ा हुआ है. खास बात यह है कि रणसिंघे और देवताओं के मोहरे आज भी हाथ से ही तैयार किए जाते हैं. यही वजह है कि इन कलाकृतियों में हिमाचल की पारंपरिक संस्कृति और लोक कला की झलक साफ दिखाई देती है. वीर सिंह ने बताया कि इस काम में परिवार के अन्य सदस्य भी सहयोग करते हैं. इस तरह यह कला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार की आजीविका और सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बनी हुई है.
पीएम मोदी को सीएम सुक्खू रणसिंघा भेंट करते हुए.
पीएम मोदी और पूर्व राष्ट्रपति को भी भेंट किया जा चुका है रणसिंघा
वीर सिंह की कला को इससे पहले भी देश की कई प्रमुख हस्तियों तक पहुंचाया जा चुका है. उनकी ओर से निर्मित रणसिंघा प्रदेश के नेताओं तक की सीमित नहीं रहा है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी नरसिंघा स्मृति चिन्ह के तौर पर भेंट किया जा चुका है. इसके अलावा हिमाचल की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाने वाले उनके हस्तनिर्मित रणसिंघे देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों में भी स्मृति चिन्ह के रूप में पहुंच चुके हैं. जीआईटैग के बाद वीर सिंह की इस कला को राष्ट्रीय स्तर सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है. पारंपरिक हस्तशिल्प को संरक्षित करने और उसे आगे बढ़ाने के प्रयासों के लिए उन्हें पिछले वर्ष दिली में यंग आर्टिजन अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है.
मंडी जिले के सराज के थाची के वीर सिंह इसे बनाते हैं.
धार्मिक आयोजनों का अहम हिस्सा माना
वीर सिंह के बनाए रणसिंघे केवल सजावटी वस्तु नहीं हैं, बल्कि इनमें हिमाचल की देव संस्कृति और सदियों पुरानी हस्तशिल्प परंपरा की पहचान भी जुड़ी हुई है. रणसिंघा हिमाचल के कई क्षेत्रों में देव परंपरा और धार्मिक आयोजनों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. वीर सिंह ने बताया कि जीआईटैग मिलने के बाद रणसिंघे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष पहचान मिलेगी. उन्होंने जीआई टैग में बिचौलियों को पीछे कर हस्तशिल्पकारों को अधिकृत यूजर बनाने की भी मांग उठाई है.