उज्जैन. हिंदू धर्म में ज्योतिष शास्त्र का विशेष महत्व माना गया है. ग्रहों और नक्षत्रों की चाल के आधार पर ज्योतिष शास्त्र में व्यक्ति के जीवन से जुड़ी संभावनाओं का आकलन किया जाता है. अब अक्टूबर का महीना शुरू होने वाला है. ऐसे में यह महीना कुछ राशियों के लिए तरक्की, धन लाभ और नई खुशियां लेकर आ सकता है जबकि कुछ राशि वालों को अपने फैसलों में सावधानी बरतने की जरूरत होगी. करियर, कारोबार, परिवार और आर्थिक मामलों में ग्रहों की स्थिति का क्या प्रभाव पड़ेगा, आइए जानते हैं उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से कि अक्टूबर माह सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा, किन राशियों को लाभ होगा और किन जातकों को सतर्क रहना होगा.
मेष- इस राशि के जातकों के लिए अक्टूबर माह शुभ फलदायी रहेगा. लंबे समय से रुके कार्य पूरे होंगे, सफलता के नए अवसर मिलेंगे और करियर में उन्नति के प्रबल योग बनेंगे.
वृषभ- इस राशि के जातकों के लिए अक्टूबर का महीना बड़ा उलटफेर करने वाला रहेगा. इस माह आप अपने करियर, कारोबार और जीवन से जुड़े कुछ निर्णय अचानक से ले सकते हैं. अक्टूबर की शुरुआत थोड़ी खर्चीली रहने वाली है.
मिथुन- अक्टूबर माह मिथुन राशि के जातकों के लिए सौभाग्य और प्रगति का संकेत दे रहा है. मित्रों या प्रभावशाली लोगों का सहयोग मिलेगा, जिससे करियर और कारोबार में उन्नति के नए अवसर बनेंगे.
कर्क- इस राशि के जातकों के लिए यह समय मिलाजुला रहेगा. अधिक उत्साह और आत्मविश्वास से बचें वरना परेशानियां बढ़ सकती हैं. शिवलिंग पर रोज दूध-जल अर्पित कर शिव स्तोत्र का पाठ करना शुभ फल देगा.
सिंह- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत सिंह राशि के लिए सामान्य और धीमी रह सकती है. हालांकि इसके बाद हालात बदलेंगे और मनचाहे कार्य पूरे होंगे.
कन्या- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अक्टूबर माह में कन्या राशि के जातकों के लिए नई नौकरी के योग बन रहे हैं. प्रतिदिन पिता का आशीर्वाद लेने से भाग्य मजबूत होगा और करियर में सफलता मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी.
तुला- अक्टूबर माह तुला राशि के जातकों के लिए शुभ संकेत लेकर आ रहा है. पूरे महीने आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी, धन लाभ के योग बनेंगे और बेरोजगारों को भी नौकरी मिलने की अच्छी संभावना है.
वृश्चिक- इस राशि के लोगों को अक्टूबर की शुरुआत में जीवन और करियर में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं. रोज हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें. इससे स्थिति बेहतर होगी.
धनु- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, धनु राशि के जातकों के लिए अक्टूबर माह शुभ फलदायी रहेगा. स्वास्थ्य में सुधार के लिए खानपान पर ध्यान दें. लक्ष्मी-नारायण पूजा से सफलता के मार्ग खुलेंगे.
मकर- इस राशि के लोगों के लिए अक्टूबर माह मिश्रित परिणाम लेकर आएगा. व्यापार में उतार-चढ़ाव संभव है. रोजाना भगवान शिव की पूजा करें और शिवमहिम्न स्तोत्र का पाठ करें. इससे शुभ फल और मानसिक संतुलन प्राप्त होगा.
कुंभ- इस राशि के लोगों को अक्टूबर में भाग्य का साथ मिलेगा. यात्राएं लाभदायक रहेंगी. हालांकि नौकरीपेशा जातकों को चुनौतियां आ सकती हैं. ऐसे में प्रतिदिन हनुमान चालीसा का 7 बार पाठ करना शुभ रहेगा.
मीन- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अक्टूबर माह मीन राशि के लिए मिले-जुले परिणाम लेकर आएगा. राजनीति और समाजसेवा से जुड़े लोगों को सफलता के योग बनेंगे लेकिन भागदौड़ के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक रहेगा.