Last Updated:
Sri Ganganagar Heroin Seized: श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई हुई हैं. 118वीं वाहिनी BSF ने केसरीसिंहपुर के चक 13SB में 810 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है. वहीं दूसरी कार्रवाई में DST, बॉर्डर DST और अनूपगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने 5K रोही में नहर के पास बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से 500 ग्राम हेरोइन मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए आंकी गई है. पुलिस के अनुसार यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी. दोनों मामलों में जांच एजेंसियां तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों से 5 करोड़ की हेरोइन जब्त कर तस्कर को किया गया गिरफ्तार
श्रीगंगानगर. भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो कार्रवाई में करीब 1 किलो 310 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े 5 करोड़ रुपए आंकी जा रही है. पहली कार्रवाई में बीएसएफ ने केसरीसिंहपुर क्षेत्र के चक 13 एसबी में 810 ग्राम हेरोइन बरामद की. वहीं दूसरी कार्रवाई में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पहुंचाई गई हेरोइन के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया. उनके कब्जे से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है.
पहली कार्रवाई 118वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल की ओर से की गई. सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जवानों को चक 13 एसबी में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली. इसके बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान 810 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है. बीएसएफ ने हेरोइन को जब्त करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केसरीसिंहपुर पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस अब बरामद हेरोइन के स्रोत और इसकी तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस ने हेरोइन के साथ दो तस्कर को पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में डीएसटी, बॉर्डर डीएसटी और अनूपगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, 5K रोही क्षेत्र में नहर के पास बाइक सवार दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. टीम ने दोनों को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए आंकी जा रही है.
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी हेरोइन
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई थी. इसके बाद तस्करों के नेटवर्क के जरिए इसे आगे पहुंचाने की तैयारी थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक और हेरोइन को जब्त कर लिया है. अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रोन के जरिए मादक पदार्थ की खेप मंगवाने वाले और इसे आगे सप्लाई करने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.