शुभमन गिल का वनडे में 10वां शतक, एक साथ कई रिकॉर्ड को किया ध्वस्त
Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दमदार खेल दिखाते हुए 97 गेंद में शतक पूरा किया. वनडे क्रिकेट में शुभमन गिल का ये 10वां शतक है. वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में कैप्टन गिल ने पहली बार सेंचुरी ठोकी है. इसके अलावा उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की भी बराबरी कर ली है.
शुभमन गिल ने वनडे में जड़ा 10वां शतक
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाकर एक साथ कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. शुभमन गिल ने 96 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. वनडे में शुभमन का यह 10वां शतक है, वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका पहला शतक है. इसके साथ ही उन्होंने वनडे में भारत के लिए सबसे तेज 10 शतक लगाने के मामले में शिखर धवन और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है.
शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर की 67वीं पारी में 10वां शतक लगाया है. शुभमन से पहले शिखर धवन ने 77 पारियों में 10 शतक लगाने का कारनामा किया था, वहीं विराट कोहली ने अपना 10वां शतक 80 पारियों में बनाया था. वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 10 शतक लगाने की बात करें, तो इस मामले में साउथ अफ्रीका के दिग्गज क्विंटन डिकॉक का नाम सबसे ऊपर आता है, जिन्होंने महज 55 पारियों में यह इतिहास रचा था.
वनडे में अब धोनी की बराबरी पर पहुंचे शुभमन गिल
भारत के लिए सबसे तेज 10 शतक लगाने के अलावा शुभमन गिल ने पूर्व कप्तान एमएस धोनी की भी बराबरी कर ली है. वनडे विश्व कप विजेता कप्तान धोनी ने अपने पूरे करियर में इस फॉर्मेट में कुल 10 शतक लगाए हैं, जिसके लिए उन्हें 350 मैच खेलने पड़े. वहीं, शुभमन गिल अपने 68वें वनडे मैच में ही शतकों के मामले में उनके बराबर पहुंच गए हैं.
शुभमन गिल ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ा
वेस्टइंडीज के खिलाफ इस शतकीय पारी के साथ ही शुभमन गिल ने बतौर ओपनर रोहित शर्मा का भी एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. शुभमन ने सलामी बल्लेबाज के रूप में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल की है. शुभमन ने अपने करियर की 61वीं पारी में जैसे ही 41 रन बनाए, वह रोहित शर्मा से आगे निकल गए. रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर 63 पारियों में 3000 रन का आंकड़ा छुआ था.