Last Updated:
Rews News: रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के कार्यक्रम के बाहर बीच सड़क पर पति द्वारा पत्नी से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना थाने के ठीक सामने हुई, जहां नई बस सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम के चलते पुलिस बल और वीआईपी सुरक्षा तैनात थी.
उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बीच सड़क पर पति ने पत्नी को पीटा
रीवा: रीवा जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. डिप्टी सीएम के कार्यक्रम के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. बीच सड़क पर एक पति ने अपनी पत्नी को जमकर पीटा. सड़क पर ड्रामा देख राहगीरों की भीड़ लग गई. वहीं इस घटना का वीडियो वायरल होने से कई सवाल भी उठ रहे हैं.
रीवा शहर के थाने के ठीक सामने, जहां प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल एक कार्यक्रम के दौरान नई बस सेवा का उद्घाटन कर रहे थे, वहीं चंद कदमों की दूरी पर एक पति-पत्नी के बीच संघर्ष ने पूरे प्रशासनिक अमले और जनता के होश उड़ा दिए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थाने के सामने मुख्य मार्ग पर उप-मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम चल रहा था. मंच सज चुका था और वीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात था. डिप्टी सीएम जैसे ही बस का फीता काटकर उद्घाटन करने के बाद आगे बढ़े, तभी कार्यक्रम स्थल के ठीक बाहर मुख्य सड़क पर चीख-पुकार मच गई.
पति ने अपनी पत्नी पर लात-घूसों की कर दी बौछार
बताया जा रहा है कि किसी पारिवारिक या तात्कालिक विवाद को लेकर एक दंपत्ति सड़क पर ही आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि पति ने आव देखा न ताव और अपनी पत्नी पर लात-घूसों की बौछार कर दी. पति द्वारा पत्नी की बीच सड़क पर की जा रही इस बेरहमी से पिटाई को देखकर वहां मौजूद राहगीरों और कार्यक्रम में आए लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल हो गया. कुछ स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की और आरोपी पति को पकड़ा.
पत्नी के शिकायत के बाद आरोपी पति गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिला को समान थाने ले जाया गया, जहां उसने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और पारिवारिक विवाद के मुख्य कारणों की जांच की जा रही है. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने वीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.