जयपुर: गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक JDA का डिमार्केशन, व्यापारियों का हंगामा, MLA गोपाल शर्मा को झेलना पड़ा विरोध

जयपुर: गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक JDA का डिमार्केशन, व्यापारियों का हंगामा, MLA गोपाल शर्मा को झेलना पड़ा विरोध


Last Updated:

Jaipur JDA Action: हाईकोर्ट के आदेश पर जेडीए ने रविवार को गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक डिमार्केशन और बेदखली नोटिस देने की कार्रवाई शुरू की. इस पर व्यापारियों ने डिमार्केशन में पक्षपात का आरोप लगाते हुए रास्ता जाम कर हंगामा कर दिया. समझाइश के लिए पहुंचे विधायक गोपाल शर्मा को व्यापारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा और उन्हें लौटना पड़ा. बाद में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों का समर्थन किया और प्रशासन से कार्रवाई से पहले पुनर्वास योजना लागू करने और उचित मुआवजा देने की मांग की.

ख़बरें फटाफट

Zoom

Jaipur JDA Action: गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक जेडीए का डिमार्केशन, MLA गोपाल शर्मा का विरोध, खाचरियावास ने मांगा मुआवजा

Jaipur: राजस्थान उच्च न्यायालय के कड़े निर्देशों के बाद जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक, गुर्जर की थड़ी से लेकर सोडाला तक सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. रविवार सुबह जेडीए का प्रवर्तन दस्ता भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचा. टीम ने डिमार्केशन (सीमांकन) का काम शुरू करने के साथ ही व्यापारियों और मकान मालिकों को बेदखली और तोड़फोड़ के नोटिस थमाना शुरू कर दिया. इस कार्रवाई को देखते ही स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भारी हंगामा शुरू कर दिया.

नोटिस मिलते ही आक्रोशित व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए. उन्होंने जेडीए की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए डिमार्केशन में भारी पक्षपात का आरोप लगाया है. प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर एक तरफ से ज्यादा जमीन ली जा रही है, जबकि दूसरी तरफ के लोगों को रियायत दी जा रही है. गुस्से में आए लोगों ने मुख्य रास्ता जाम कर दिया और जेडीए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

MLA गोपाल शर्मा को झेलना पड़ा विरोध, बैरंग लौटे
हंगामे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही सिविल लाइन्स क्षेत्र के विधायक गोपाल शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने उग्र हो रहे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर मामले को शांत कराने और समझाइश का प्रयास किया. लेकिन, अपनी दुकानों और मकानों के टूटने के डर से सहमे और आक्रोशित लोगों ने विधायक की एक न सुनी और उलटा उनके खिलाफ ही भारी नाराजगी जतानी शुरू कर दी. व्यापारियों के भारी विरोध और बढ़ते दबाव के बीच विधायक गोपाल शर्मा को बिना कोई समाधान निकाले आखिरकार मौके से वापस लौटना पड़ा.

कांग्रेस नेता खाचरियावास पहुंचे, उठाया मुआवजे का मुद्दा
विधायक गोपाल शर्मा के जाने के बाद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सिविल लाइन्स के पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास प्रभावित स्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित व्यापारियों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं. प्रताप सिंह खाचरियावास ने जेडीए की कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि बिना पुनर्वास के व्यापार और आजीविका को इस तरह रातों-रात खत्म करना पूरी तरह गलत है.

पूर्व सरकार का दिया हवाला, पुनर्वास की उठाई मांग
पूर्व मंत्री खाचरियावास ने अपनी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का उदाहरण देते हुए कहा, “हमारी सरकार के दौरान जब भी विकास कार्यों के लिए कोई निर्माण हटाया गया, हमने हमेशा व्यापारियों को उचित मुआवजा दिया. चाहे जयपुर मेट्रो निर्माण के समय दुकानें हटाई गई हों या झोटवाड़ा में एलिवेटेड रोड और सड़क चौड़ीकरण के दौरान, हमने हमेशा प्रभावितों को राहत दी और पुनर्वास को प्राथमिकता दी.” खाचरियावास ने प्रशासन से कड़ी मांग की है कि किसी भी तरह की तोड़फोड़ या बेदखली की कार्रवाई से पहले व्यापारियों के पुनर्वास के लिए एक ठोस योजना बनाई जाए.



Source link