कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर रचा इतिहास, वेंकटेश प्रसाद को छोड़ा पीछे

कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर रचा इतिहास, वेंकटेश प्रसाद को छोड़ा पीछे


होमखेलक्रिकेट

कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर रचा इतिहास, वेंकटेश प्रसाद को छोड़ा पीछे

Last Updated:

Kuldeep Yadav taks 4 wicket haul: कुलदीप यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए. तिरुवनंतपुरम में उन्होंने 10 ओवर में 40 रन देकर 4 शिकार किए. इस स्पेल के साथ कुलदीप ने वेंकटेश प्रसाद को पीछे छोड़ते हुए वनडे में अपने 198 विकेट पूरे कर लिए हैं. अब वह 200 वनडे विकेट के ऐतिहासिक आंकड़े से महज दो कदम दूर हैं. दो विकेट लेते ही वह कुंबले, हरभजन और जडेजा के बाद यह मुकाम हासिल करने वाले भारत के चौथे स्पिनर बन जाएंगे.

Zoom

कुलदीप यादव ने वेंकटेश प्रसाद को छोड़ा पीछे.

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने वनडे टीम में वापसी करते ही अपनी घातक गेंदबाजी का लोहा मनवाया है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में कुलदीप ने अपनी फिरकी का ऐसा जाल बुना कि कैरेबियाई बल्लेबाज पूरी तरह पस्त नजर आए. अपने 10 ओवर के कोटे में मात्र 40 रन देकर 4 अहम विकेट झटकते हुए कानपुर के इस स्पिनर ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभाली. इस मैच विनिंग स्पेल की बदौलत कुलदीप यादव ने न केवल भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने नाम कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी दर्ज कराई हैं.

मैच की बात करें तो कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने अपनी गेंदबाजी की शुरुआत से ही वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. उन्होंने अपना पहला शिकार वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल के रूप में बनाया, जिन्होंने 60 गेंदों पर 62 रनों की आक्रामक पारी खेली थी. कैम्पबेल को 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच करवाकर कुलदीप ने इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद 34वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने शाई होप का शानदार कैच लपका और कुलदीप को दूसरी सफलता दिलाई. शाई होप का विकेट लेते ही कुलदीप ने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद के 196 वनडे विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

वेंकटेश प्रसाद को छोड़ा पीछे, झटके 4 बड़े विकेट
कुलदीप का कहर यहीं नहीं रुके. 36वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने शतक बना चुके खतरनाक बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स को एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया. ग्रीव्स के आउट होते ही कुलदीप ने वेंकटेश प्रसाद को पीछे छोड़ दिया और भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में आगे निकल गए. इसके बाद उन्होंने जुएल एंड्रयू का विकेट चटकाकर कैरेबियाई पारी की कमर तोड़ दी. इस चार विकेट के स्पेल के साथ ही कुलदीप यादव के एकदिवसीय करियर में कुल विकेटों की संख्या अब 198 हो गई है.

200 वनडे विकेट पूरा करने से महज 2 कदम दूर
अब कुलदीप यादव एक बेहद खास और दुर्लभ मुकाम हासिल करने की दहलीज पर खड़े हैं. जारी सीरीज के बाकी बचे दो वनडे मैचों में अगर वह महज दो विकेट और हासिल कर लेते हैं, तो वह वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने वाले दुनिया के चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो जाएंगे. इतना ही नहीं, ऐसा करते ही वह अनिल कुंबले, हरभजन सिंह और रवींद्र जडेजा के बाद वनडे इतिहास में 200 विकेट का आंकड़ा छूने वाले भारत के महज चौथे स्पिनर बन जाएंगे. महज 122 वनडे मैचों में 198 विकेट तक पहुंचना कुलदीप की मैच विनिंग क्षमता को साफ तौर पर दर्शाता है.

भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले दिग्गज
भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाजों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले 334 विकेटों के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज हैं. कुंबले ने 1990 से 2007 के बीच 269 मैचों में यह कारनामा किया था. उनके बाद तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ का नंबर आता है, जिन्होंने 229 मैचों में 315 विकेट झटके हैं. तीसरे स्थान पर पूर्व ऑलराउंडर अजीत अगरकर हैं, जिनके नाम 191 मैचों में 288 विकेट दर्ज हैं. इसके बाद जहीर खान ने 194 मैचों में 269 विकेट और हरभजन सिंह ने 234 मैचों में 265 विकेट चटकाए हैं. महान ऑलराउंडर कपिल देव 253 विकेटों के साथ छठे और वर्तमान ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा 211 मैचों में 232 विकेटों के साथ सातवें स्थान पर हैं. वहीं मोहम्मद शमी 108 मैचों में 206 विकेट लेकर आठवें स्थान पर हैं, जबकि कुलदीप यादव 198 विकेट के साथ नौवें और वेंकटेश प्रसाद 196 विकेट के साथ दसवें स्थान पर खिसक गए हैं.

वेस्टइंडीज के खिलाफ रहा है दबदबा
वेस्टइंडीज के खिलाफ कुलदीप यादव का रिकॉर्ड हमेशा से ही बेहद शानदार रहा है. उन्होंने कैरेबियाई टीम के खिलाफ अब तक खेले गए 20 वनडे मुकाबलों में कुल 37 विकेट अपने नाम किए हैं. वह वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले संयुक्त रूप से चौथे गेंदबाज बन गए हैं. इस मामले में भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा सबसे आगे हैं, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 33 मैचों में 44 विकेट चटकाए हैं. कुलदीप की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वह इस सीरीज में कैरेबियाई टीम के खिलाफ अपने विकेटों की संख्या में और इजाफा करेंगे.

विश्व क्रिकेट में मुरलीधरन का राज, 534 विकेटों के साथ टॉप पर
अगर वैश्विक स्तर पर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात की जाए, तो श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन 534 विकेटों के साथ सर्वकालिक शीर्ष पर विराजमान हैं. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अक्रम 502 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं. इसके बाद वकार यूनिस ने 416 विकेट, चमिंडा वास ने 400 विकेट और शाहिद अफरीदी ने 395 विकेट हासिल किए हैं. दक्षिण अफ्रीका के शॉन पोलॉक (393 विकेट), ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्ग्रा (381 विकेट), ब्रेट ली (380 विकेट) और श्रीलंका के लसिथ मलिंगा (338 विकेट) भी इस सूची के शीर्ष महारथियों में शामिल हैं. भारत के अनिल कुंबले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 337 विकेटों (एशिया एकादश सहित) के साथ शीर्ष दस में शामिल एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं. कुलदीप यादव जिस लय में गेंदबाजी कर रहे हैं, उससे यह तय माना जा रहा है कि वह जल्द ही भारतीय और विश्व क्रिकेट में कई और नए कीर्तिमान अपने नाम स्थापित करेंगे.



Source link