Last Updated:
अर्जुन बिजलानी ने ‘नागिन’ से लोकप्रियता हासिल की है. उनके शो को जबरदस्त रिस्पांस मिला था. अर्जुन बिजलानी ने लेटेस्ट इंटरव्यू में कहा कि वो इंडस्ट्री के हर इवेंट में नहीं जाते हैं क्योंकि उन्हें नहीं लगता है कि काम के लिए कनेक्शन ही सबकुछ हैं. अर्जुन बिजलानी ने इंडस्ट्री में अपने लंबे सफर के बारे में खुलकर बात की.
अर्जुन बिजलानी ने ‘नागिन’ से लोकप्रियता हासिल की.
नई दिल्ली. टीवी के पॉपुलर एक्टर्स में से एक अर्जुन बिजलानी लंबे समय से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं. ‘नागिन’ और ‘इश्क में मरजावां’ जैसे शोज ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. अर्जुन का मानना है कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आगे बढ़ने के लिए हर पार्टी और इवेंट का हिस्सा बनना जरूरी नहीं है. उनके मुताबिक, लोगों से मिलना-जुलना और अच्छे रिश्ते बनाना अहम है, लेकिन आखिरकार किसी कलाकार की पहचान उसके काम से ही होती है.
आईएएनएस से बातचीत में अर्जुन ने कहा कि उन्हें लोगों से मिलना और बातचीत करना पसंद है, लेकिन वह हर जगह अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में विश्वास नहीं रखते. वह दिखावे के बजाय वास्तविक रिश्तों को ज्यादा महत्व देते हैं. उनके लिए किसी सोशल गैदरिंग में शामिल होने से ज्यादा जरूरी है कि सामने वाले के साथ एक सच्चा कनेक्शन बने.
अर्जुन बिजलानी ने अपने सफर के बारे में खुलकर की बात
अर्जुन के मुताबिक, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में नेटवर्किंग की अपनी अहमियत है. कलाकारों का लोगों से जुड़ना और अच्छे संबंध बनाए रखना कई स्तरों पर मददगार साबित हो सकता है. हालांकि, वह यह भी मानते हैं कि लंबे समय तक इंडस्ट्री में टिके रहने के लिए सिर्फ सोशल सर्कल काफी नहीं है. एक कलाकार की असली पहचान उसका काम ही तय करता है.
अपनी पर्सनैलिटी पर बात करते हुए अर्जुन ने खुद को न तो पूरी तरह इंट्रोवर्ट बताया और न ही एक्स्ट्रोवर्ट. उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व में दोनों तरह के पहलू हैं. जब वह किसी माहौल में सहज महसूस करते हैं तो लोगों के साथ खुलकर घुलते-मिलते हैं, लेकिन उन्हें अपने साथ वक्त बिताना भी पसंद है. उनका मानना है कि यह संतुलन एक अभिनेता के तौर पर उन्हें अलग-अलग किरदारों को समझने और उनमें नए शेड्स लाने में मदद करता है.
अर्जुन बिजलानी ने सोशल मीडिया पर रखी राय
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी अर्जुन ने अपनी राय रखी. उनका कहना है कि कलाकारों को सोशल मीडिया के साथ चलना चाहिए, लेकिन इसे अपनी निजी जिंदगी पर हावी नहीं होने देना चाहिए. परिवार के साथ समय बिताते वक्त वह सोशल मीडिया से दूरी बनाकर उस पल को पूरी तरह जीने की कोशिश करते हैं.
अर्जुन ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया आज कलाकारों के लिए जरूरी प्लेटफॉर्म बन चुका है, लेकिन यह टैलेंट और अच्छे काम की जगह नहीं ले सकता. वह ऑनलाइन किसी खास इमेज को बनाने की कोशिश नहीं करते, बल्कि असल जिंदगी में जैसे हैं, सोशल मीडिया पर भी खुद को वैसा ही दिखाना पसंद करते हैं.