करौली में दुबई से लौटे युवक पर जानलेवा हमला, नाक-कान काटे, बोलेरो में आए थे हमलावर

करौली में दुबई से लौटे युवक पर जानलेवा हमला, नाक-कान काटे, बोलेरो में आए थे हमलावर


Last Updated:

करौली के सपोटरा में बाइक सवार युवक रूपलाल बैरवा पर बोलेरो सवार बदमाशों ने किया जानलेवा हमला बेखौफ हमलावरों ने युवक के नाक, कान और सिर पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से जख्मीं कर दिया है. बदमाश लहूलुहान हालत में युवक को झाड़ियों और जंगल के किनारे छोड़कर भाग निकले. आरंभिक इलाज के बाद सपोटरा अस्पताल से डॉक्टरों ने युवक को हायर सेंटर रेफर किया.

Zoom

करौली. राजस्थान के करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र में बाइक सवार युवक पर बोलेरो सवार अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया. हमले में युवक के नाक और कान काटे गए हैं. इसके साथ युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. घायल को पहले सपोटरा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया.

घटना शनिवार देर शाम बैरूंडा-जाखोदा सड़क मार्ग की है. रैती की झोपड़ी निवासी रूपलाल बैरवा (39) बाइक से बैरूंडा की ओर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में बोलेरो सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया.

जंगल में घायल हालत में छोड़कर भागे

आरोप है कि हमलावरों ने रूपलाल पर धारदार हथियारों से हमला किया. उसके नाक, कान और सिर पर वार किए गए. इसके बाद उसे गंभीर रूप से घायल हालत में सड़क किनारे जंगल में छोड़कर आरोपी फरार हो गए. रास्ते से गुजर रहे लोगों ने युवक को घायल हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एएसआई बिजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सपोटरा उप जिला अस्पताल पहुंचाया.

दुबई से गांव आया था युवक

रूपलाल के भाई बिजेंद्र के मुताबिक, रूपलाल विदेश में मजदूरी करता है और अनंत चतुर्दशी के मौके पर दुबई से अपने गांव आया था. शनिवार को वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी उस पर हमला हो गया. अस्पताल में चिकित्सक अमर सिंह मीना ने प्राथमिक इलाज किया. हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उप अधीक्षक दौलतराम भी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली.

हमलावर कौन थे?

पुलिस अब हमले के कारण और आरोपियों की पहचान के बारे में जानकारी जुटा रही है. खबर लिखे जाने तक घटना को लेकर पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ था.



Source link