नई दिल्ली. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर 2026 तक सरकारी बैंकों में देशव्यापी बैंक हड़ताल होने जा रही है. भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ इंडिया (BOI) और यूको बैंक समेत तमाम सरकारी बैंकों के शटर डाउन रहने या काउंटर सेवाएं बुरी तरह ठप होने के आसार हैं. लेकिन, इस हड़ताल में प्राइवेट और को-ऑपरेटिव बैंक शामिल नहीं होंगे और इनकी शाखाएं सामान्य दिनों की तरह ही खुली रहेंगी. निजी और सहकारी बैंकों की ब्रांचेज तो खुली होने का ऐलान किया गया है, लेकिन कर्मचारी आएंगे या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है. इसलिए अगर आप भी हड़ताल के दिनों में प्राइवेट बैंक जाएं तो पहले कंफर्म जरूर कर लें कि बैंक में कामकाज हो रहा है या नहीं.
को-ऑपरेटिव बैंक कर्मचारियों के किसी संगठनन ने स्ट्राइक की कॉल नहीं दी है. देश के करीब 1,450 अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक (UCBs), 34 स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक और 351 जिला सहकारी बैंक (DCCBs) बैंक हैं. इनमें 28 से 30 सितंबर तक भी सामान्य दिनों की तरह ही कामकाज होगा. को-ऑपरेटिव बैंक देश के ग्रामीण, अर्ध-शहरी और शहरी इलाकों में छोटे कारोबारियों, किसानों और पेंशनर्स की रीढ़ माने जाते हैं. इनके खुले रहने से आम आदमी को काफी राहत मिलेगी. ग्राहक अपनी शाखाओं में जाकर नकद जमा, निकासी, ड्राफ्ट और अन्य सेवाएं बिना रुकावट ले सकेंगे.
प्राइवेट बैंक भी नहीं होंगे हड़ताल में शामिल
अगर आपका खाता निजी क्षेत्र के बैंकों में है, तो हड़ताल का असर आप पर नहीं होगा. एचडीएफसी बैंक ने कहा कि बैंक रविवार, 27 सितंबर को भी खुला रहेगा और 28 से 30 सितंबर तक सेवाएं पूरी तरह सामान्य रहेंगी. दूसरे प्रमुख निजी बैंकों जैसे आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और यस बैंक ने भी अभी तक हड़ताल से उनका कामकाज प्रभावित होने संबंधी कोई जानकारी नहीं दी है.
सभी एटीएम ट्रांजैक्शन होंगे मुफ्त
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है. बैंक ने घोषणा की है कि हड़ताल की अवधि के दौरान सभी एटीएम ट्रांजैक्शन पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. एसबीआई ने कहा कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान भी ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए उसकी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. इसी के तहत 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच ग्राहकों से किसी भी बैंक के एटीएम पर किए गए लेनदेन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.
ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू
तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी ऑनलाइन भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, जिससे डिजिटल माध्यम से लेनदेन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी.
संडे को भी खुले रहेंगे सरकारी बैंक
सरकार ने भी आम लोगों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को रविवार, 27 सितंबर को खुला रखने का निर्देश दिया है. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूर्ण रूप से संचालित रखने की अनुमति दे दी है. यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं कि आवश्यक बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रह सकें.
क्या करें बैंक ग्राहक
- चेक पेमेंट से बचें: 28 से 30 सितंबर के बीच किसी भी बड़े लेन-देन के लिए सरकारी बैंक का चेक जारी न करें और न ही स्वीकारें. इसके बजाय तत्काल डिजिटल पेमेंट (NEFT/RTGS/IMPS) चुनें.
- संडे के भरोसे आंख मूंदकर न रहें: सरकार ने सरकारी बैंकों को रविवार (27 सितंबर) को खुला रखने का निर्देश दिया है और HDFC Bank भी खुला है, लेकिन घर से निकलने से पहले अपनी स्थानीय शाखा में फोन करके पुष्टि जरूर कर लें.
- पर्याप्त कैश रखें: अगर आपको 2-3 दिन में कैश की जरूरत पड़ने वाली है, तो संडे को ही एटीएम से जरूरी नकदी निकाल लें, ताकि बाद में खाली एटीएम का सामना न करना पड़े.
- कमर्शियल भुगतान शेड्यूल करें: अगर आपकी फर्म को वेंडर्स या कर्मचारियों को भुगतान करना है, तो अपनी फाइनेंस टीम को अलर्ट करें और ट्रांजैक्शन गुरुवार,1 अक्टूबर के लिए री-शेड्यूल करें या प्राइवेट बैंक खातों का यूज करें.