Last Updated:
Chhattisgarh Heavy Rain: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के चलते 13 स्कूल डूबे, दंतेवाड़ा में पुल के ऊपर से पानी बहने से रास्ता बंद, वहीं मुंगेली और बालोद के बांध ओवरफ्लो हो गए हैं. मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है, जबकि धमतरी में गंगरेल बांध से महानदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है.
cg heavy rain updates (pic credit-news18)
आकाश शुक्ला(रायपुर),
Chhattisgarh Heavy Rain: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं. बस्तर, दंतेवाड़ा, मुंगेली, बालोद, धमतरी, बिलासपुर और रायपुर समेत कई जिलों में बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है.उड़ीसा के खातिगुड़ा डैम से छोड़े गए पानी के कारण बस्तर में बाढ़ आ गई है. बकावंड ब्लॉक के 13 प्राथमिक और मिडिल स्कूल बाढ़ के पानी में डूब गए हैं. इसे देखते हुए बस्तर कलेक्टर ने सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है.
दंतेवाड़ा में पुल के ऊपर बह रहा पानी
दंतेवाड़ा में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. नेलसनार-बांगापाल मार्ग पर पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण बीजापुर-जगदलपुर मार्ग बंद हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है.
पूरे प्रदेश में स्कूलों की छुट्टी
भारी बारिश के चलते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है. सभी जिला कलेक्टरों को इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. अभिभावकों से बच्चों को घर पर ही रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.
मुंगेली और बालोद में बांध लबालब
मुंगेली जिले में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है, जिससे मनियारी बांध का वेस्टवियर दो फीट ऊपर तक बहने लगा है. वहीं बालोद जिले का सबसे बड़ा जलाशय तांदुला डेम भी ओवरफ्लो हो गया है, जिसे देखने के लिए पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी है.
धमतरी में गंगरेल बांध से पानी छोड़ा गया
धमतरी में गंगरेल बांध से महानदी में करीब 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत केंद्रों में पहुंचाया जा रहा है. बाढ़ की आशंका को देखते हुए धमतरी में लगातार दूसरे दिन यानी 26 सितंबर को भी सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी.
बिलासपुर में मौसम बदला, गिरा तापमान
बिलासपुर में झमाझम बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया है. सितंबर महीने में ही नवंबर जैसी ठंड महसूस हो रही है और तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटों में 7 अलर्ट जारी किए हैं, जिनमें दो बार येलो अलर्ट भी शामिल है. कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में बारिश ने सामान्य जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.