JEE NEET Preparation from Class 11 Tips: जेईई और नीट की तैयारी कब से शुरू करें? 11वीं क्लास वाले फटाफट समझ लें पूरा रोडमैप

JEE NEET Preparation from Class 11 Tips: जेईई और नीट की तैयारी कब से शुरू करें? 11वीं क्लास वाले फटाफट समझ लें पूरा रोडमैप


Last Updated:

JEE NEET Preparation from Class 11 Tips: स्कूली बच्चे अक्सर कंफ्यूजन में रहते हैं कि जेईई और नीट की तैयारी 10वीं से शुरू करनी चाहिए या 12वीं के बाद. अगर आप 11वीं से जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं तो आपको अपनी क्षमता खुद ही समझनी होगी. इस करियर गाइड से आप अपना कंफ्यूजन खत्म करके शांत मन से तैयारी शुरू कर सकते हैं.

Zoom

JEE NEET Preparation from Class 11: जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी किस क्लास से शुरू करें?

नई दिल्ली (JEE NEET Preparation from Class 11). 10वीं पास करते ही बच्चों के मासूम कंधों पर एक भारी बोझ लाद दिया जाता है. रिश्तेदारों की सलाह, माता-पिता की उम्मीदें और कोचिंग संस्थानों के बड़े-बड़े विज्ञापनों का शोर- हर तरफ बस एक ही गूंज सुनाई देती है- अब बीटेक (JEE) या मेडिकल (NEET) की तैयारी शुरू कर दो, वरना बहुत देर हो जाएगी. 10वीं तक जो बच्चा स्कूल के खेल के मैदान में खुलकर सांस लेता था, अचानक उसे एक ऐसी रेस में धकेल दिया जाता है जहां हर सेकेंड कीमती बन जाता है.

क्या 11वीं में आते ही JEE या नीट की कोचिंग जॉइन करना जरूरी है? क्या 11वीं से तैयारी शुरू करने वाले हर बच्चे का सिलेक्शन तय होता है? या यह सिर्फ एक ऐसी भेड़-चाल है जिसमें कई टैलेंटेड बच्चे भी बीच रास्ते में हांफ जाते हैं? ये सवाल हर उस स्टूडेंट के जेहन में घूमते हैं जो इंजीनियरिंग या मेडिकल में करियर बनाना चाहता है. 11वीं की शुरुआत करियर की दिशा तय करने का वह टर्निंग पॉइंट होती है, जहां जरा सा गलत फैसला या बिना सोचे-समझे लिया गया कदम 2 साल बर्बाद कर सकता है.

क्या 11वीं से जेईई-नीट की कोचिंग शुरू कर देनी चाहिए?

कोचिंग के लुभावने विज्ञापनों से निकलकर यह समझना जरूरी है कि क्या आप सच में इस मैराथन दौड़ के लिए मानसिक रूप से तैयार हैं? आज इसी उलझन को सुलझाकर गहराई से जानिए कि 11वीं से जेईई-नीट की तैयारी करना कब वरदान बनता है और कब नासमझी साबित हो सकता है.

11वीं से जेईई और नीट की तैयारी किसे करनी चाहिए?

जेईई और नीट जैसी परीक्षाएं दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल हैं. अगर आपने तय कर लिया है कि आपको इंजीनियर या डॉक्टर ही बनना है तो 11वीं की शुरुआत (फाउंडेशन स्टेज) इसके लिए सबसे सही मानी जाती है.

  • तारीखें और फॉर्मूले रटने के बजाय अगर आपका दिमाग लॉजिकल रीजनिंग, कॉन्सेप्ट्स को गहराई से समझने और फिजिक्स-मैथ्स-बायोलॉजी के पहेलीनुमा सवालों को सुलझाने में मजा पाता है तो जरूर शुरुआत कर देनी चाहिए.
  • जो स्टूडेंट्स अपनी स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ रोजाना 4 से 6 घंटे सेल्फ-स्टडी कर सकते हैं और बिना बोर हुए एक ही टॉपिक पर घंटों माथापच्ची कर सकते हैं, वे इस रेस के असली खिलाड़ी हैं.
  • अगर आपका बेस यानी 9वीं और 10वीं के साइंस-मैथ्स के बेसिक्स ठीक-ठाक हैं तो आप 11वीं के साथ कोचिंग का यह सफर बिना किसी बड़े मानसिक तनाव के तय कर सकते हैं.

किसे 11वीं से जेईई-नीट की तैयारी नहीं करनी चाहिए?

यह जानना जितना जरूरी है कि किसे तैयारी करनी चाहिए, उससे कहीं ज्यादा यह समझना जरूरी है कि किसे इससे दूर रहना चाहिए. अगर आप सिर्फ इसलिए जेईई या नीट की तरफ भाग रहे हैं क्योंकि आपके पड़ोसी का बेटा या आपकी क्लास का टॉपर दोस्त यह कर रहा है तो आप बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं.

  • अगर फिजिक्स के न्यूमेरिकल देखकर चक्कर आने लगते हैं, मैथ्स के फॉर्मूले याद करने में पसीना छूटता है या बायोलॉजी के लंबे-चौड़े डायग्राम देखकर घुटन महसूस होती है तो खुद पर जबरदस्ती दबाव न डालें.
  • कई बार स्टूडेंट माता-पिता के प्रेशर में आकर भारी-भरकम फीस देकर कोटा या बड़े शहरों की कोचिंग में दाखिला तो ले लेते हैं, लेकिन कुछ ही महीनों में डिप्रेशन और बर्नआउट (मानसिक थकान) का शिकार हो जाते हैं.
  • अगर आपकी रुचि डिजाइनिंग, कोडिंग के क्रिएटिव फील्ड, ह्यूमैनिटीज, जर्नलिज्म या कॉमर्स में है तो सिर्फ ‘सोसाइटी के डर’ से साइंस स्ट्रीम और इन एंट्रेंस एग्जाम्स के चक्कर में अपनी लाइफ और मानसिक शांति को दांव पर न लगाएं.

11वीं से तैयारी शुरू करने के स्मार्ट टिप्स और प्रैक्टिकल बातें

अगर आपने और आपके परिवार ने तय कर लिया है कि आपको 11वीं से ही जेईई-नीट की तैयारी करनी है  तो कुछ बातें गांठ बांध लें:

  • स्कूल और कोचिंग में बैलेंस: कई स्टूडेंट्स कोचिंग के चक्कर में स्कूल जाना छोड़ देते हैं या बोर्ड परीक्षा को हल्के में लेते हैं. याद रखिए, 12वीं बोर्ड में अच्छे मार्क्स होना आज भी कई अच्छे संस्थानों के क्राइटेरिया में शामिल है. इसलिए स्कूल के बेसिक्स और NCERT को कभी नजरअंदाज न करें.
  • शॉर्टकट के पीछे न भागें: शुरुआती महीनों में कोर्स बहुत बड़ा और कठिन लगेगा. ऐसे में शॉर्टकट ट्रिक्स रटने के बजाय हर चैप्टर के फंडामेंटल्स को मजबूत करें.
  • मेंटल हेल्थ का रखें ध्यान: दिनभर में 10-12 घंटे लगातार पढ़ना जरूरी नहीं है, बल्कि जितने घंटे भी पढ़ें, पूरी एकाग्रता और तन्मयता के साथ पढ़ें. बीच में दोस्तों से मिलना, घूमना और पर्याप्त नींद लेना आपकी परफॉर्मेंस को सुधारेगा, गिराएगा नहीं.



Source link