आइए आपको घर पर हराएंगे… ऑस्ट्रेलिया ए पर इंडिया ए की 162 रन से विशाल जीत
Last Updated:
IND A vs AUS A Unofficial Test Highlights: बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों के दमदार खेल के बूते इंडिया ए ने पहले चार दिवसीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से रौंद दिया. तीसरे दिन इंडिया ए ने 363 रन का लक्ष्य रखा था. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम 200 रन पर ही सिमट गई.
इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को हरा दिया
पुडुचेरी: कुमार कुशाग्र के शतक और कप्तान देवदत्त पडिक्कल के अर्धशतक के बाद शम्स मुलानी के सात विकेटों के बूते इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को पहले अनऑफिशियल टेस्ट में 162 रन से हरा दिया. चौथे दिन के पहले सेशन में ही कंगारुओं की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी, लेकिन आठवें विकेट के लिए हुई 67 रन की साझेदारी ने इंडिया ए का इंतजार बढ़ा दिया. दूसरा टेस्ट 29 सितंबर से इसी मैदान पर खेला जाएगा.
मुंबई के बाएं हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी ने मैच में कुल 124 रन देकर 7 विकेट लिए. ऑस्ट्रेलिया A की टीम 55.1 ओवर में 200 रन पर ऑलआउट हो गई, जो उनकी पहली पारी के 171 रनों के स्कोर से थोड़ा ही बेहतर था.
ऑस्ट्रेलिया A ने चौथे दिन की शुरुआत अपने कल के स्कोर 2 विकेट पर 55 रन से की. 363 रनों के लक्ष्य का पीछा करने की उनकी शुरुआत बहुत खराब रही, क्योंकि मीडियम पेसर अंशुल कंबोज ने शुरुआती दौर में ही दो विकेट झटक लिए. नाथन मैकस्वीनी और पीटर हैंड्सकॉम्ब सस्ते में निपटे.
भारत ए के लिए पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज सुदर्शन ने 85 गेंद में 39 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल थे, उन्होंने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की. पडिक्कल ने 88 गेंद में 59 रन बनाए और सात चौके लगाए. इंडिया ए एक समय दूसरी पारी में एक विकेट पर 93 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही थी, लेकिन इसके बाद उसकी पारी 199 रन पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया ए के लिए ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके.