Last Updated:
Giridih News: गिरिडीह के जाने-माने मैगी पॉइंट के पास देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर बभनटोली के रहने वाले 24 वर्षीय ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की तलाश की जा रही है.
गिरिडीह में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.
गिरिडीहः झारखंड का गिरिडीह मॉब लिंचिंग की घटना से दहल उठा. जहां 24 साल के युवक का पीट-पीटकर मर्डर कर दिया गया. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में की गई. ऋतिक के पिता झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं. फिलहाल हजारीबाग जेल में पदस्थापित हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी.
घटना बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट के पास रात करीब 12 बजे हुई. मृतक के दोस्त शुभम दास ने बताया कि वह राजा गुप्ता और ऋतिक के साथ कार से रात करीब साढ़े 10 बजे बंदरकुप्पी पहुंचे थे. इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने करीब 8 से 10 साथियों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि वहां पहुंचते ही सतीश यादव और उसके साथियों ने ऋतिक और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी. पहले मुक्के से पिटाई की गई. इसके बाद आरोपियों ने बांस की फराठी से ऋतिक को बेरहमी से पीटा. हमले में ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से ऋतिक को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मारपीट की इस घटना में दो अन्य युवकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है.
साफ नहीं हुआ विवाद का कारण
कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है. हालांकि, पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है. फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मृतक के दोस्तों और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. 24 साल के ऋतिक की मौत से परिवार में मातम पसरा है.