Hastrekha Shastra Finger Meaning: क्या आपकी हथेली और उंगलियों की बनावट आपके धन से जुड़े कुछ संकेत देती है? हस्तरेखा शास्त्र में हाथ की रेखाओं के साथ-साथ उंगलियों की लंबाई, मोटाई, आकार और उनके बीच की दूरी का भी विशेष महत्व बताया गया है. हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, आप उंगलियों की बनावट से व्यक्ति की धन कमाने की क्षमता, खर्च करने की प्रवृत्ति और धन को बचाकर रखने की आदत के बारे में जान सकते हैं. उंगलियों के बीच की दूरी, उनका आकार, लंबाई, मोटाई, जोड़ों की बनावट और उंगलियों के तीनों हिस्सों का अनुपात इन सभी का अलग-अलग महत्व बताया जाता है. आइए हस्तरेखा शास्त्र के माध्यम से जानते हैं कि उंगलियों से जुड़े कौन-कौन से संकेतों को धन से जोड़ा जाता है…
उंगलियों के बीच ज्यादा दूरी हो तो
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, सबसे पहले अपने हाथ को सामान्य और आरामदायक स्थिति में खोलकर उंगलियों को देखें. ध्यान दें कि क्या दो उंगलियों के बीच ज्यादा खाली जगह दिखाई दे रही है. हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, अगर उंगलियों के बीच साफ अंतर दिखाई दे रहा हो तो व्यक्ति के पास पैसा तो आ सकता है, लेकिन उसे संभालकर रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. यानी कमाई के साथ खर्च भी करने की आदत भी अच्छी खासी होगी.
सभी उंगलियों के बीच दूरी हो तो
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, अगर लगभग सभी उंगलियों के बीच काफी दूरी दिखाई दे रही है तो ऐसे व्यक्ति को धन इकट्ठा या बचत करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे व्यक्ति कमाते तो हैं, लेकिन खर्च अधिक होने के कारण बचत करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है. इसलिए ऐसे लोगों को बजट बनाकर चलने की सलाह दी जाती है.
बिजनेस माइंड होते हैं ऐसी उंगली वाले लोग
अगर अनामिका उंगली यानी छोटी उंगली के पास वाली उंगली तर्जनी यानी अंगूठे के पास वाली उंगली से लंबी हो तो व्यक्ति जोखिम उठाकर बड़ा धन कमाने में सक्षम होता है. वहीं अगर छोटी उंगली अनामिका के पहले पोर तक पहुंचे, तो व्यक्ति का बिजनेस माइंड और मनी मैनेजमेंट बहुत मजबूत होता है. ऐसा व्यक्ति अगर जीरों से भी शुरू करे तो वह अपनी मेहनत से अच्छा मुकाम हांसिल करता है.
उंगलियां आपस में सटी हुई हों तो धन संचय का संकेत
अगर हाथ को सामान्य रूप से खोलने पर उंगलियां एक-दूसरे के काफी करीब रहती हैं और उनके बीच ज्यादा खाली जगह दिखाई नहीं देती, तो हस्तरेखा में इसे धन को संभालकर रखने और बचत करने की प्रवृत्ति से जोड़ा जाता है. ऐसे लोगों के बारे में माना जाता है कि वे अपनी कमाई को व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं और धीरे-धीरे अच्छी बचत बनाने में सक्षम हो सकते हैं.
अगर उंगली पतली हों तो
वहीं अगर आपकी उंगलियां पतली हों और उनके सिरे धीरे-धीरे नुकीले या शंक्वाकार आकार (उपर से नुकीले जैसे दिखाई दे रहे हों) में आते हों, तो इसे भी हस्तरेखा की कुछ परंपराओं में धन और संपत्ति में वृद्धि से जोड़कर देखा जाता है. हस्तरेखा में बताया गया है कि ऐसा व्यक्ति परिवार के भविष्य को मजबूत करता है और हमेशा आगे बढ़ते रहने की कोशिश करता है.
उंगलियों के बीच का मध्य भाग बड़ा हो तो?
हर उंगली को सामान्यतः तीन भागों या फैलेंज में देखा जाता है. अब अपनी उंगलियों के इन तीनों हिस्सों पर ध्यान दें. हस्तरेखा शास्त्र की मान्यता के अनुसार, अगर उंगलियों का बीच वाला भाग अन्य दोनों हिस्सों की तुलना में लंबा या अधिक विकसित दिखाई दे, तो इसे व्यावहारिक सोच, मेहनत और आर्थिक मामलों में समझदारी से जोड़ा जाता है. ऐसे लोगों के बारे में पारंपरिक रूप से माना जाता है कि वे अपनी मेहनत के दम पर धन अर्जित कर सकते हैं और समय के साथ आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं.
उंगलियों के जोड़ मोटे और उभरे हुए हों तो संभलकर करें खर्च
अब उंगलियों के जोड़ों को देखें. अगर उंगलियों के जोड़ मोटे, बड़े या ज्यादा उभरे हुए दिखाई देते हैं और उंगलियां थोड़ी टेढ़ी या असमान नजर आती हैं, तो हस्तरेखा शास्त्र में इसे धन के मामले में सावधानी बरतने का संकेत माना जाता है. ऐसे लोगों के लिए पारंपरिक सलाह दी जाती है कि उन्हें बजट बनाकर खर्च करना चाहिए और बिना सोचे-समझे पैसे खर्च करने से बचना चाहिए. साथ ही किसी को बड़ी रकम उधार देने या केवल भरोसे के आधार पर आर्थिक निर्णय लेने से पहले अच्छी तरह विचार करने की सलाह दी जाती है.
छोटी और मोटी उंगलियां हों तो निवेश में सावधानी
अगर आपकी उंगलियां सामान्य से छोटी और मोटी हैं और हथेली का वह हिस्सा, जो कलाई से लेकर उंगलियों के आधार तक आता है, अपेक्षाकृत चौड़ा या बड़ा दिखाई देता है तो हस्तरेखा में ऐसे व्यक्ति को जोखिम भरे आर्थिक फैसलों में सावधानी बरतने की सलाह देती है. ऐसे लोगों को किसी भी प्रकार के सट्टे से दूर रहना चाहिए और निवेश को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए. केवल किसी व्यक्ति के कहने पर पैसा निवेश भूलकर भी ना करें.