नई दिल्ली (Skills for Students). किताबी डिग्रियां तो बहुत हैं, लेकिन क्या आप पहली नौकरी के लिए तैयार हैं? कॉलेज से निकलकर कॉर्पोरेट दुनिया में कदम रखना रोलर कोस्टर राइड से कम नहीं होता. स्कूल-कॉलेज में एग्जाम पास करने, रटने और अच्छे नंबर लाने में लगे रहते हैं. लेकिन जैसे ही पहला जॉब इंटरव्यू सामने आता है, सारी इक्वेशन बदल जाती है. वहां कोई नहीं पूछता कि इतिहास की तारीखें कितनी अच्छी तरह याद की थीं. वहां परखा जाता है कि असल जिंदगी की समस्या को चुटकियों में कैसे हल करोगे.
पहली नौकरी से पहले जरूरी है इन 10 स्किल्स की मास्टरी
स्कूल से कॉलेज, फिर कॉलेज से कॉर्पोरेट वर्ल्ड का ट्रांजिशन आसान नहीं होता. एकदम से बहुत कुछ बदल जाता है. आप बच्चे से एडल्ट हो जाते हैं और स्टूडेंट से प्रोफेशनल.. आपसे जिम्मेदार होने की और अपने काम में परफेक्ट होने की उम्मीद रखी जाती है. जानिए 10 ऐसी जबरदस्त स्किल्स, जो हर प्रोफेशनल को करियर के शुरुआती फेज में ही सीख लेनी चाहिए.
1. एआई और स्मार्ट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल (AI Literacy)
2. दिल जीतने वाली कम्युनिकेशन स्किल्स (Communication Skills)
कितना भी शानदार आइडिया क्यों न हो, अगर आप उसे सही शब्दों में सामने वाले को समझा नहीं सकते तो सब बेकार है. ऑफिस में आपको अपनी बात टीम लीड, क्लाइंट्स और बॉस तक पहुंचानी होती है. इसके लिए सिर्फ अंग्रेजी बोलना जरूरी नहीं है, बल्कि अपनी बात को साफ, सीधे और असरदार तरीके से रखना आना चाहिए. सुनना (Active Listening) भी इसी का अहम हिस्सा है.
3. सैलरी और बजट मैनेजमेंट (Salary Management)
पहली नौकरी मिलते ही जब पहली सैलरी हाथ में आती है तो खुशी का ठिकाना नहीं रहता. लेकिन कई युवा बिना सोचे-समझे पैसे उड़ा देते हैं और महीने के आखिर में उधार मांगने की नौबत आ जाती है. इसलिए कॉलेज के दिनों से ही अपनी पॉकेट मनी या बजट को मैनेज करना सीखें. जानें कि कैसे खर्च, बचत और निवेश के बीच सही तालमेल बिठाया जाता है.
4. पर्सनल फाइनेंस और वेल्थ बिल्डिंग (Personal Finance)
सिर्फ पैसे कमाना काफी नहीं है, पैसों से पैसा बनाना असली कला है. इन्फ्लेशन (महंगाई) जिस तेजी से बढ़ रही है, उसमें बैंक के सेविंग अकाउंट में पैसे रखकर अमीर नहीं बना जा सकता. स्टूडेंट्स को समय रहते सीखना चाहिए कि कंपाउंडिंग की ताकत क्या होती है और म्यूचुअल फंड्स, एसआईपी या स्टॉक मार्केट में समझदारी से निवेश कैसे किया जाता है.
5. खुद से पहल करने की आदत
कॉलेज में असाइनमेंट मिलने पर ही काम होता है. लेकिन ऑफिस में जो लोग सिर्फ ‘बताए गए काम’ का इंतजार करते हैं, वे पीछे छूट जाते हैं. सफल वही होते हैं जो बिना कहे नई जिम्मेदारियां लेते हैं, समस्याओं का खुद समाधान ढूंढते हैं और अपनी तरफ से नए आइडियाज टेबल पर रखते हैं. यह ‘ओनरशिप’ की भावना आपको भीड़ से अलग खड़ा करती है.
6. बिना घबराए समस्याओं को सुलझाना (Problem-Solving & Critical Thinking)
नौकरी के रास्ते में रोजाना नए चैलेंज आएंगे. कोडिंग एरर हो, क्लाइंट की नाराजगी हो या प्रोजेक्ट की डेडलाइन, मुश्किलें तय हैं. इसलिए आपको ‘प्रॉब्लम सॉल्वर’ बनना होगा, न कि ‘रोने वाला’. किसी भी समस्या को ठंडे दिमाग से टुकड़ों में बांटकर उसका प्रैक्टिकल सॉल्यूशन निकालना आज के एंप्लॉयर्स की सबसे बड़ी डिमांड है.
7. दबाव में भी कूल रहना (Stress and Time Management)
एक साथ 4 प्रोजेक्ट्स, ऊपर से क्लाइंट का फोन और शाम की डेडलाइन- ऑफिस का माहौल कभी-कभी काफी स्ट्रेसफुल हो सकता है. ऐसे में टाइम मैनेजमेंट और इमोशनल इंटेलिजेंस आपको सिखाती है कि भारी दबाव के बीच भी कैसे शांत रहकर अपना बेस्ट देना है. प्रायोरिटी सेट करना सीखिए, जिससे पैनिक होने की नौबत ही न आए.
8. इंटरनेट की दुनिया का स्मार्ट इस्तेमाल (Digital Savviness & Research)
गूगल पर कुछ भी सर्च कर लेना काफी नहीं है. आपको पता होना चाहिए कि किसी भरोसेमंद सोर्स से सही जानकारी कैसे निकाली जाए, डिजिटल टूल्स (जैसे एक्सेल, नोशन, ट्रीलो) का इस्तेमाल कैसे किया जाए और अपने डिजिटल फुटप्रिंट को कैसे साफ-सुथरा रखा जाए. आज के डिजिटल युग में यह हर जॉब के लिए बेसिक क्वॉलिफिकेशन है.
9. मिलकर काम करने की कला (Teamwork and Collaboration)
आप कितने भी जीनियस क्यों न हों, अकेले दम पर बड़ी कंपनियां नहीं चलाई जा सकती हैं. आपको अलग-अलग स्वभाव, विचारों और कल्चर वाले लोगों के साथ मिलकर काम करना होगा. टीम के साथियों की कमियों को संभालना, अपनी ईगो को साइड में रखना और एक कॉमन गोल के लिए मिलकर मेहनत करना ही असली टीमवर्क है.
10. कभी न खत्म होने वाली जिज्ञासा
डिग्री पूरी होने का मतलब यह नहीं कि आपकी पढ़ाई खत्म हो गई. कॉर्पोरेट दुनिया हर 6 महीने में बदल जाती है. जो व्यक्ति नई चीजें सीखने के लिए हमेशा तैयार रहता है (Lifelong Learner), प्रोफेशनल लाइफ में वही टिक पाता है. बदलाव से डरने के बजाय उसे गले लगाइए और हमेशा कुछ नया सीखने की भूख अपने अंदर जिंदा रखिए.