Flight QR534: ट्रॉली बैग के हैंडल में था ‘सीक्रेट लॉकर’, मिली 981 ग्राम कोकीन
Last Updated:
Secret Locker in Trolley Bag Handle News: फ्लाइट QR534 के अहमदाबाद लैंड करते ही डीआरआई की नजर एक युगांडा के नागरिक पर गई. ट्रॉली बैग का कोना-कोना खंगाला गया, लेकिन असली राज उसके हैंडल में बने ‘सीक्रेट लॉकर’ से खुला. अधिकारियों के मुताबिक, इसी हिस्से में पॉलिथीन के अंदर 981 ग्राम कोकीन छिपाई गई थी.
अहमदाबाद एयरपोर्ट में ट्रॉली बैग से मिली कोकीन (फोटो: लोकल 18)
अहमदाबाद: कतर एयरवेज की फ्लाइट QR534 अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड हुई. यात्रियों के बीच एक युगांडा के नागरिक पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के अधिकारियों की नजर थी. खुफिया सूचना के आधार पर अधिकारियों ने उसे रोका और पूछताछ की. इसके बाद उसके सामान की तलाशी शुरू हुई. इसके बाद बैग का कोना-कोना छान मारा पर डीआरआई को कुछ नहीं मिला फिर ऐसा सुराग मिला जिसके बाद आधिकारियों का माथा ठनक गया.
ट्रॉली बैग का कोना-कोना खंगाला
शुरुआती पूछताछ में यात्री ने अपने पास किसी तरह का प्रतिबंधित सामान होने से इनकार किया. लेकिन अधिकारियों को संदेह था, इसलिए उसके ट्रॉली बैग की गहन जांच की गई. जांच के दौरान अधिकारियों को बैग के कुछ हिस्सों में सामान्य से अलग बदलाव नजर आए. इसके बाद बैग के उन हिस्सों की भी जांच की गई.
हैंडल में बना था ‘सीक्रेट लॉकर’
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रॉली बैग के टेलीस्कोपिक हैंडल और प्लास्टिक सपोर्ट पार्ट्स के अंदर सफेद पाउडर छिपाया गया था. पाउडर को पॉलिथीन बैग में रखा गया था और बैग की संरचना के अंदर छिपाया गया था. यानी बाहर से देखने पर ट्रॉली बैग सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन उसके हैंडल वाले हिस्से में प्रतिबंधित पदार्थ छिपा होने का आरोप है.
ट्रॉली बैग के हैंडल में बनाया था सीक्रेट लॉकर (फोटो:AI)
981 ग्राम सफेद पाउडर बरामद
DRI अधिकारियों ने बैग के संबंधित हिस्सों की जांच के बाद 981 ग्राम सफेद पाउडर बरामद किया. जांच के बाद इस पदार्थ की पहचान कोकीन के रूप में हुई. DRI के मुताबिक, बरामद कोकीन को NDPS Act, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया और युगांडा के नागरिक को गिरफ्तार किया गया.
कहां से आई थी कोकीन, किसे देनी थी?
अब DRI की जांच सिर्फ बरामदगी तक सीमित नहीं है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कोकीन कहां से लाई गई थी और गुजरात में इसे किसे पहुंचाया जाना था. इसके साथ ही अधिकारियों की जांच इस बात पर भी है कि क्या इस मामले के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क है और इसमें भारत या विदेश में मौजूद दूसरे लोग भी शामिल हैं. फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले की आगे की जांच DRI कर रही है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login