उदयपुर में गणपति का अनोखा श्रृंगार, 2.51 करोड़ के नोटों से सजे मन्नत वाले राजा
Last Updated:
Udaipur Ganesh Festival: उदयपुर में गणेश महोत्सव के दौरान मन्नत वाले राजा का दरबार इस बार अपने अनोखे श्रृंगार की वजह से लोगों का ध्यान खींच रहा है. पुरानी मंडी में भगवान गणेश की प्रतिमा को करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपए के नोटों से सजाया गया है. नोटों से तैयार मुकुट, माला और झांकी को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है. बंगाल से आए कारीगरों ने नोटों को कलात्मक तरीके से सजाकर इस विशेष दरबार को तैयार किया है. आयोजकों के मुताबिक, हर साल मन्नत वाले राजा का अलग अंदाज में श्रृंगार किया जाता है. पिछले साल करीब 1 करोड़ 51 लाख रुपए के नोटों का इस्तेमाल हुआ था, जबकि इस बार राशि बढ़कर 2 करोड़ 51 लाख रुपए हो गई है. यानी इस बार पिछले साल के मुकाबले करीब एक करोड़ रुपए अधिक के नोट लगाए गए हैं. श्रद्धालु इस अनोखी झांकी की तस्वीरें और वीडियो भी बना रहे हैं.
उदयपुर. देशभर में इन दिनों गणेश महोत्सव की धूम है. शहर-शहर गणेश पंडाल सजाए गए हैं और भगवान गणेश के अलग-अलग रूपों में विशेष श्रृंगार किए जा रहे हैं. उदयपुर में भी गणेश महोत्सव को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में पुरानी मंडी में स्थित मन्नत वाले राजा का इस बार किया गया विशेष श्रृंगार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. मन्नत वाले राजा के दरबार में इस बार करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपए के नोटों से भगवान गणेश का भव्य श्रृंगार किया गया.
सजावट के लिए बंगाल से आए थे कारीगर
पूरी झांकी को इस तरह सजाया गया कि दूर से देखने पर यह पूरा दरबार नोटों से सजा हुआ नजर आया. इस खास सजावट को तैयार करने में बंगाल से आए कारीगरों ने अपनी कला का इस्तेमाल किया. कारीगरों ने काफी बारीकी से नोटों को सजाकर भगवान गणेश के लिए यह भव्य रूप तैयार किया. यही वजह रही कि जैसे-जैसे लोगों को इस विशेष श्रृंगार की जानकारी मिली, वैसे-वैसे यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई. बताया गया कि पिछले साल मन्नत वाले राजा का करीब 1 करोड़ 51 लाख रुपए के नोटों से श्रृंगार किया गया था.
2.51 करोड़ कर दी गई इस बार सजावट की राशि
इस बार श्रृंगार की राशि बढ़कर करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपए हो गई. यानी पिछले साल की तुलना में इस बार करीब एक करोड़ रुपए अधिक के नोटों का इस्तेमाल किया गया है. भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ-साथ उनकी माला, मुकुट और पीछे तैयार की गई झांकी को भी नोटों से सजाया गया. पंडाल में पहुंचने वाले लोग इस अनोखे श्रृंगार को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए. गणेश महोत्सव के दौरान मन्नत वाले राजा का यह खास दरबार फिलहाल उदयपुरवासियों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है.