Last Updated:
Jharkhand News: झारखंड के धनबाद में भूली मोड़ गोलीकांड के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया. बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो शूटर घायल हो गए, जबकि चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में भूली मोड़ गोलीकांड का मुख्य शूटर चंदन ठाकुर भी शामिल है.
धनबाद में पुलिस एनकाउंटर में 2 घायल, चार गिरफ्तार.
धनबादः झारखंड के धनबाद में भूली मोड़ गोलीकांड के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद चार अपराधियों को गिरफ्तार किया. इस दौरान दो शूटर घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक, उसे सूचना मिली थी कि भूली मोड़ गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस ने अपराधियों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. फायरिंग में दो अपराधी घायल हो गए. उनकी पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. चंदन ठाकुर के पैर और कमर में गोली लगी है. वहीं दूसरे घायल आरोपी को भी इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया है.
भूली मोड़ गोलीकांड में मुख्य शूटर था चंदन
पुलिस के अनुसार, भूली मोड़ में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग में चंदन ठाकुर ने मुख्य शूटर की भूमिका निभाई थी. वहीं प्रिंस कुमार बाइक चला रहा था. आरोप है कि गोलीबारी के दौरान प्रिंस ने करीब आठ राउंड फायरिंग की थी. भूली मोड़ पर हुई फायरिंग के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर ईस्ट बसुरिया इलाके में छापेमारी की गई. इसी दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई.
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने मौके से कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. उनसे गोलीकांड में शामिल दूसरे लोगों, हथियारों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. भूली मोड़ में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी. घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. अब चार आरोपियों की गिरफ्तारी और दो के घायल होने के बाद पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद गोलीकांड से जुड़े अन्य लोगों और घटना की पूरी साजिश के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है.