Last Updated:
दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से एक महिला समेत नौ लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि बस में करीब 35 यात्री सवार थे. बस कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही थी तभी ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में अचानक आग लग गयी.
स्लीपर बस आग की घटना में घायल चश्मदीद ने बताई कहानी.
ग्रेटर नोएडाः महोबा जा रही स्लीपर बस में आगजनी की घटना में 9 लोगों की मौत हो गई. इस घटना की चश्मदीद ने दिल दहला देने वाली आंखों देखी कहानी बताई है. जेवर के आरोग्य अस्पताल में एडमिट हरियाणा की रहने वाली महिला पेशेंट ने न्यूज 18 इंडिया को बस हादसे की सच्चाई बताई. उन्होंने बताया कि वह दिल्ली से बैठी थी और बस जहां पर आग लगी, वहीं पर अचानक रुक गई. हम लोग सब सोए हुए थे. मेरी सीट आगे से चार नंबर की थी. अचानक से धुआं फैला और आग आगे से ही लगी थी. मैं गिर गई. कई लोग मेरे ऊपर से भी निकल गए. 20–25 के आसपास लोग निकले थे, जिन्होंने जान बचाई. जो जहां-जहां रह गया. ड्राइवर कंडक्टर का कुछ पता नहीं था. सब इधर उधर थे.
‘मेरे पति को निकलने का मौका तक नहीं मिला’
इसके अलावा उन्होंने बताया कि ड्राइवर कंडक्टर सिगरेट पी रहे थे या नहीं उन्हें नहीं जानकारी है. पता नहीं लग पाया क्योंकि सब लोग सोए हुए थे. उन्होंने बताया कि बस धुआं से भर गई थी, मेरा तो दम घुटने लगा था. घर वाला तो उठ ही नहीं पाया, उसको मौका ही नहीं मिल पाया, उसका पैर टूटा था ना. उसमें से 20-25 लोग निकल आए थे. मैं नीचे वाली बर्थ पर थी. मेरे ऊपर से लोग चढ़कर निकल आए थे.
बस पूरी तरह जलकर हुई खाक
न्यूज18 की टीम ने उस बस का निरीक्षण किया, जिसमें भीषण आग लगी थी. बस में आने-जाने का एक ही दरवाजा था. बस के ऊपरी हिस्से में लोग सोए हुए थे. बस पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी है. बस में तकरीबन 35 यात्री थे. 33 किलोमीटर माइलस्टोन पर बस में आग लगी थी. हालांकि आग किन वजहों से लगी उसकी जांच की जा रही है.
धुआं भर जाने से बेहोश हो गए यात्री
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि आग लगने के बाद बस में धुआं भर गया और कुछ यात्री बेहोश हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है. उन्होंने बताया कि घटना के समय कुछ यात्री सो रहे थे. दमकल, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया. बस के शीशे तोड़ने के साथ गैस कटर की मदद से उसके हिस्से काटकर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला गया. कुछ मृतकों की पहचान हो गई है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और सभी मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है.