Last Updated:
5 से 17 साल के बच्चों के आधार कार्ड का जरूरी बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक मुफ्त कराया जा सकता है. UIDAI ने इस अवधि में फीस माफ की है. माता-पिता बच्चे को नजदीकी आधार नामांकन या अपडेट सेंटर ले जाकर बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं. 18 अगस्त तक करीब 1.56 लाख स्कूलों में 2 करोड़ से ज्यादा बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरे किए जा चुके थे. आप भी अपने बच्चे का आधार अपडेट कराना चाहते हैं तो ये सारी डिटेल्स चेक कर लें.
आधार कार्ड से जुड़ी जरूरी अपडेट चेक कर लें.
आधार कार्ड से जुड़ी एक जरूरी अपडेट है. अगर आपके बच्चे का आधार कार्ड बना हुआ है और उसकी उम्र 5 से 17 साल के बीच है, तो यह खबर आपके काम की है. आधार में बच्चों की बायोमेट्रिक जानकारी को अपडेट कराने की प्रक्रिया के लिए फिलहाल फीस नहीं देनी होगी. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को 30 सितंबर 2026 तक फ्री रखा है. ऐसे में जिन बच्चों का जरूरी अपडेट अभी बाकी है, उनके माता-पिता इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं.
UIDAI की ओर से बच्चों के आधार अपडेट को लेकर देशभर में अभियान भी चलाया जा रहा है. इसका मकसद स्कूल जाने वाले बच्चों के जरूरी बायोमेट्रिक अपडेट को समय पर पूरा कराना है. UIDAI के आंकड़ों के मुताबिक, 18 अगस्त तक करीब 1.56 लाख स्कूलों में 2 करोड़ से ज्यादा बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरे किए जा चुके थे. बच्चों की उम्र बढ़ने के साथ उनके फिंगरप्रिंट और आंखों की स्कैनिंग जैसी जानकारी में बदलाव हो सकता है, इसलिए आधार रिकॉर्ड को अपडेट करना जरूरी माना जाता है.
5 और 15 साल की उम्र में अपडेट जरूरी
छोटे बच्चों का आधार बनाते समय उनकी फोटो और दूसरी जरूरी जानकारी दर्ज की जाती है. 5 साल से कम उम्र में आमतौर पर फिंगरप्रिंट और आइरिस जैसी बायोमेट्रिक जानकारी नहीं ली जाती, क्योंकि इस उम्र में बच्चों की बायोमेट्रिक से जुड़ी विशेषताएं पूरी तरह विकसित नहीं होती हैं. बच्चे के 5 साल का होने के बाद पहली बार बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट करानी होती है. इसके बाद 15 साल की उम्र में एक और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट किया जाता है. इस प्रोसेस में बच्चे के नए फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो को आधार रिकॉर्ड में दर्ज किया जाता है.
30 सितंबर तक नहीं लगेगी फीस
UIDAI ने बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को लेकर फीस में राहत दी है. 7 से 15 साल की उम्र के बच्चों के लिए यह शुल्क 1 अक्टूबर 2025 से एक साल के लिए माफ किया गया था. वहीं 5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पहले से ही फ्री है. ऐसे में 5 से 17 साल की उम्र के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक बिना किसी शुल्क के कराया जा सकता है. इसलिए जिन बच्चों का अपडेट बाकी है, उनके अभिभावक तय समय सीमा से पहले यह काम पूरा करा सकते हैं.
माता-पिता को क्या करना होगा?
बच्चे का बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए माता-पिता या अभिभावक उसे नजदीकी आधार नामांकन या अपडेट सेंटर पर ले जा सकते हैं. वहां बच्चे की जरूरी बायोमेट्रिक जानकारी दर्ज और अपडेट की जाएगी. अभिभावकों को सलाह है कि वे बच्चे की उम्र और आधार रिकॉर्ड के हिसाब से जांच कर लें कि अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट बाकी है या नहीं. अगर अपडेट जरूरी है, तो 30 सितंबर से पहले इसे पूरा कराने पर शुल्क से बचा जा सकता है.
UIDAI के मुताबिक, बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट समय पर होने से आगे चलकर आधार आधारित पहचान और प्रमाणीकरण में आसानी हो सकती है. स्कूल, उच्च शिक्षा या दूसरी सेवाओं में आधार सत्यापन की जरूरत पड़ने पर अपडेटेड रिकॉर्ड उपयोगी हो सकता है. साथ ही, कुछ सरकारी योजनाओं और सुविधाओं में भी आधार प्रमाणीकरण की जरूरत होती है.