पाकिस्तान के मुंगेरी लाल के हसीन सपने, भारत से भिड़े तो कोच ने बताया प्लान
Last Updated:
pak coach statement: पाकिस्तान टीम के साथ ताजा ताजा जुड़े हेड कोच माइक हेसन ने तेवर दिखाते हुए बयान दिया है कि अगर उनकी टीम को भारत के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है तो वह पिछली भिड़ंतों से सबक लेकर मैदान पर उतरेगी. हेसन ने एशिया कप फाइनल का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत पर दबाव बनाने की कोशिश करेगा.
एशियन गेम्स में भारत से भिड़ंत पर पाकिस्तान के कोच माइक हेसन का बयान
नई दिल्ली. दुनिया को शांति पैगाम देने वाला देश जहां सूरज की रोशनी सबसे पहले पहुंचती है उस देश में वो मुकाबला होने वाला है जिसकी चर्चा अभी से होना शुरु हो चुकी है. जापान में वो जंग का मैदान सजेगा जहां भारत और पाकिस्तान की टीमे दो-दो हाथ करती नजर आएगी. पिछले कुछ सालों में भारतीय टीम का भले ही पड़ोसी देश पर वर्चस्व रहा हो पर जानकार अभी भी इस मुकाबले पर टकटकी लगाए बैठे है. एशियन गेम्स में भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी या नहीं, इसका फैसला अभी बाकी है. लेकिन मुकाबला होने की संभावना ने ही माहौल गर्म कर दिया है.
पाकिस्तान टीम के साथ ताजा ताजा जुड़े हेड कोच माइक हेसन ने तेवर दिखाते हुए बयान दिया है कि अगर उनकी टीम को भारत के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है तो वह पिछली भिड़ंतों से सबक लेकर मैदान पर उतरेगी. हेसन ने एशिया कप फाइनल का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत पर दबाव बनाने की कोशिश करेगा. हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि टीम अभी भारत के बारे में नहीं बल्कि अपने क्वार्टर-फाइनल मुकाबले पर ध्यान दे रही है.
टीम इंडिया को टेंशन देने की तैयारी
न्यूजीलैंड मूल के पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने कहा कि उनकी टीम एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार है. अगर भारत के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है तो पाकिस्तान उसी तरह दबाव बनाने की कोशिश करेगा, जैसा उसने पिछले साल एशिया कप फाइनल में किया था. हेसन ने भारत को मौजूदा समय में व्हाइट-बॉल क्रिकेट का बेंचमार्क भी बताया और कहा कि पाकिस्तान की चुनौती उस स्तर तक पहुंचने की है. हेसन का बयान ऐसे समय आया है जब भारत और पाकिस्तान एशियन गेम्स के अलग-अलग हिस्से में हैं. दोनों टीमें सीधे क्वार्टर-फाइनल से अभियान शुरू करेंगी. ऐसे में दोनों के बीच मुकाबला तभी संभव होगा जब वे अपने-अपने नॉकआउट मुकाबले जीतकर आगे बढ़ें. मौजूदा ड्रॉ के अनुसार पाकिस्तान का क्वार्टर-फाइनल 28 सितंबर को पूल बी की विजेता टीम से होगा. पूल बी में हांगकांग, ओमान और मलेशिया शामिल हैं.
पहले क्वार्टर-फाइनल जीतने पर ध्यान
हेसन ने साफ किया कि उनकी टीम बहुत आगे की नहीं सोच रही है. उनका पहला लक्ष्य क्वार्टर-फाइनल जीतकर अगले दौर में पहुंचना है. उन्होंने कहा कि भारत से मुकाबले तक पहुंचने से पहले काफी क्रिकेट खेली जानी बाकी है, इसलिए पाकिस्तान का फोकस फिलहाल शुरुआती चुनौती पर है. पाकिस्तान की एशियन गेम्स टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है. टीम की कप्तानी साहिबजादा फरहान को सौंपी गई है. टीम में कई ऐसे खिलाड़ी भी हैं जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का ज्यादा मौका नहीं मिला है. हेसन के मुताबिक यही इस टूर्नामेंट की खासियत है.
युवा खिलाड़ियों के लिए मौका
हेसन ने एशियन गेम्स को पाकिस्तान के उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच बताया. पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम में कई युवा चेहरों को जगह दी है. चार खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है. ऐसे में एशियन गेम्स उनके लिए बड़े मंच पर अपनी क्षमता साबित करने का मौका है. पाकिस्तान की तैयारियों को लेकर हेसन ने बताया कि खिलाड़ियों ने अलग-अलग पिच और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पिछले कुछ दिनों में जमकर अभ्यास किया है. टीम का मकसद सिर्फ बड़े मुकाबले की तैयारी करना नहीं, बल्कि अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को ढालना भी है.
भारत के खिलाफ खराब रिकॉर्ड चुनौती
भारत के खिलाफ पाकिस्तान का हालिया टी20 रिकॉर्ड हालांकि उसके पक्ष में नहीं रहा है. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछली छह टी20 इंटरनेशनल भिड़ंत जीती हैं, जिसमें 2025 एशिया कप के तीन मुकाबले भी शामिल हैं. इसी वजह से हेसन ने भारत को व्हाइट-बॉल क्रिकेट का बेंचमार्क बताया है. फिलहाल पाकिस्तान के सामने पहला लक्ष्य क्वार्टर-फाइनल पार करना है. उसके बाद ही भारत के खिलाफ संभावित मुकाबले की तस्वीर साफ होगी. लेकिन हेसन के बयान ने इतना जरूर बता दिया है कि अगर एशियन गेम्स के मंच पर भारत-पाकिस्तान की टक्कर हुई, तो पाकिस्तान पिछली भिड़ंतों के अनुभव और अपनी युवा टीम के जोश के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है.