दिल्ली के ही नहीं बल्कि एशिया के सबसे बड़े मार्केट गांधी नगर बाजार की आखिरकार किस्मत खुल गई. कई दशकों से यहां पैदल चलकर आने वाले ग्राहकों, रिटेलर्स और थोक विक्रेताओं को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को गांधी नगर-गीता कॉलोनी में एक बड़े फुटओवर ब्रिज के निर्माण का शिलान्यास किया है.
दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांधी नगर बाजार में बन रहे इस फुटओवर ब्रिज में वे सभी आधुनिक सुख सुविधाएं होंगी, जो चाहिए होती हैं. इसमें लिफ्ट, रैंप, सीढ़ियां और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रहेगी.
इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री ने गांधी नगर के अलावा दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक लक्ष्मी नगर को भी बड़े एफओबी का तोहफा दिया है. यह एफओबी रमेश पार्क लक्ष्मी नगर में बनाए जाएगा. जो 2+800 किलोमीटर पर होगा. जबकि गांधी नगर वाला 5+100 किलोमीटर पर होगा.
इन दोनों के अलावा भजनपुरा, गढ़ी मेंडू के पास किलोमीटर 10+800 पर एक और फुट ओवरब्रिज को मंजूरी दी जा चुकी है. तीनों ओवरब्रिज लिफ्ट और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे. इनके निर्माण पर करीब 12.90 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
गांधी नगर की बदलेगी सूरत
गांधी नगर क्षेत्र एशिया का सबसे बड़ा कपड़ा बाजार है. यहां रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते-जाते हैं. इसलिए एक्सप्रेसवे पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था बेहद जरूरी है. ये ओवरब्रिज पैदल यात्रियों को सुरक्षित पार करने की सुविधा देगा और एक्सप्रेसवे पर यातायात बिना रुकावट चलता रहेगा.
दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दो एफओबी से लोगों को बड़ी सहूलियत होने वाली है. इस एक्सप्रेसवे को राष्ट्रीय राजमार्ग 709बी के नाम से भी जाना जाता है. यह 210 किलोमीटर लंबा एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर है, जो उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली को देहरादून से जोड़ता है.
यह एक्सप्रेसवे बागपत, बरौत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून पहुंचता है.
ये ओवरब्रिज बनने के बाद स्थानीय निवासियों और बाजार आने वाले लोगों को एक्सप्रेसवे पार करने में आसानी होगी. साथ ही तेज रफ्तार वाले वाहनों से सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी. मंत्री ने कहा कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और ऐसे प्रोजेक्ट पूरे दिल्ली-एनसीआर में तेजी से आगे बढ़ाए जाएंगे.