Last Updated:
Udaipur Surat Vande Bharat: वापसी में सूरत से ट्रेन सुबह 6:10 बजे रवाना होगी.इसके बाद निर्धारित स्टेशनों से होते हुए दोपहर करीब 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी. इस तरह यात्रियों को उदयपुर और सूरत के बीच आने-जाने के लिए तेज और सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी.
3 अक्टूबर से उदयपुर-सूरत के बीच दौड़ेगी वंदे भारत
उदयपुर: मेवाड़ के लोगों के लिए रेलवे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. उदयपुर से सूरत के बीच अब वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 3 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. उदयपुर-असारवा के बीच चलने वाली वंदे भारत को सूरत तक विस्तार देने की घोषणा के बाद इसे कुछ समय के लिए निरस्त कर दिया गया था. अब उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने इसे 3 अक्टूबर से सूरत तक चलाने की घोषणा की है.
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के अनुसार, 2 अक्टूबर को वंदे भारत एक्सप्रेस सूरत से रवाना होकर शाम करीब 5:30 बजे उदयपुर पहुंचेगी. उदयपुर पहुंचने के बाद ट्रेन का यहीं ठहराव रहेगा. इस दौरान रेलवे की ओर से ट्रेन का स्वागत भी किया जाएगा. कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. इसके अगले दिन यानी 3 अक्टूबर से ट्रेन निर्धारित समय के अनुसार उदयपुर से सूरत के लिए रवाना होगी.
सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन
नई व्यवस्था के तहत उदयपुर से सूरत के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी. मंगलवार को इसका संचालन नहीं होगा. ट्रेन के सूरत तक विस्तार से मेवाड़ के उन यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें व्यापार, रोजगार और दूसरे कामों के लिए गुजरात और दक्षिण भारत के शहरों तक आना-जाना पड़ता है. नई समय सारणी के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन 4:03 बजे जावर, 4:50 बजे डूंगरपुर, 5:27 बजे शामलाजी रोड, 6:18 बजे हिम्मतनगर और शाम 7:25 बजे असारवा पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन 8:58 बजे मणिनगर, 9:50 बजे आणंद और 10:22 बजे भरूच पहुंचेगी. रात करीब 11 बजे ट्रेन सूरत पहुंचेगी.
वापसी में दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी
वापसी में सूरत से ट्रेन सुबह 6:10 बजे रवाना होगी. इसके बाद निर्धारित स्टेशनों से होते हुए दोपहर करीब 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी. इस तरह यात्रियों को उदयपुर और सूरत के बीच आने-जाने के लिए तेज और सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी. सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने वंदे भारत को सूरत तक विस्तार देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि मेवाड़ के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है.उनके मुताबिक इस ट्रेन के शुरू होने से मेवाड़ में व्यापार, रोजगार और आवागमन को फायदा मिलेगा.
दक्षिण भारत की ट्रेनों से जुड़ना भी आसान हो सकेगा
वहीं, सूरत में बड़ी संख्या में मेवाड़ के लोग व्यापार और रोजगार से जुड़े हुए हैं.इसके अलावा दक्षिण भारत के कई शहरों में भी मेवाड़ से आने-जाने वाले लोगों की संख्या है.अभी कई यात्रियों को उदयपुर से सूरत पहुंचने के लिए बस का सहारा लेना पड़ता है और इसके बाद आगे ट्रेन से सफर करना होता है.ऐसे में वंदे भारत के सूरत तक चलने से यात्रियों को कनेक्टिविटी में सुविधा मिलेगी और सूरत के जरिए दक्षिण भारत की ट्रेनों से जुड़ना भी आसान हो सकेगा.