देहरादून/मसूरी: मौसम सुहाना होते ही पहाड़ों की रानी मसूरी एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है. मैदानी इलाकों की गर्मी और रोजमर्रा की भागदौड़ से राहत पाने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग मसूरी पहुंच रहे हैं. मॉल रोड से लेकर केम्प्टी फॉल, गन हिल, कंपनी गार्डन और लाल टिब्बा तक सैलानियों की चहल-पहल नजर आ रही है. पहाड़ों पर छाए बादल और ठंडी हवाओं के बीच पर्यटक मौसम का आनंद लेते हुए इन जगहों को एक्सप्लोर कर रहे हैं. पर्यटकों की बढ़ी संख्या से शहर में रौनक लौट आई है और स्थानीय होटल कारोबारियों व व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं.
मौसम का मिजाज बदलते ही मसूरी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है. मैदानी इलाकों की गर्मी, उमस और शहर की भागदौड़ से दूर लोग सुकून के कुछ पल बिताने के लिए यहां पहुंच रहे हैं. नीले आसमान में तैरते सफेद बादल, ठंडी हवाएं और पहाड़ों पर छाई धुंध मसूरी के मौसम को और खुशनुमा बना रही है. यही वजह है कि पर्यटक यहां के मौसम और खूबसूरत वादियों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं.
मसूरी की खूबसूरती देखने के लिए बेताब पर्यटक
मसूरी बस अड्डे से शहर की ओर जाने वाले पर्यटक यहां की खूबसूरती देखने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं. कुछ लोग कई साल बाद मसूरी घूमने पहुंचे हैं, तो कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने दूसरों से यहां की खूबसूरती के बारे में सुनकर घूमने का प्लान बनाया. राजस्थान से मसूरी घूमने आए पर्यटक वीरू ने बताया कि वह सुरकंडा माता के दर्शन के लिए आए थे. वहां की खूबसूरती उन्हें काफी पसंद आई और अब वह मसूरी घूमने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि दोनों जगह एक साथ घूमने का मौका मिल जाएगा और मौसम भी काफी अच्छा है.
वहीं वर्षा जैन ने बताया कि उन्होंने मसूरी के बारे में काफी सुना था. उनकी बहू भी कॉलेज ट्रिप के दौरान यहां घूमने आई थी और उसने मसूरी की काफी तारीफ की थी. इसी वजह से वह भी यहां घूमने आई हैं और केम्प्टी फॉल, कंपनी गार्डन और मॉल रोड समेत मसूरी की अलग-अलग जगहों को देखना चाहती हैं.
मॉल रोड से केम्प्टी फॉल तक पर्यटकों की चहल-पहल
मसूरी के होटल कारोबारी आशीष ने बताया कि मसूरी की मॉल रोड पर शाम होते ही पर्यटकों की भीड़ बढ़ जाती है. लोग घूमने के साथ स्थानीय व्यंजनों और गर्म चाय का आनंद लेते नजर आते हैं. केम्प्टी फॉल पर भी सैलानी काफी समय बिता रहे हैं. इसके अलावा गन हिल, कंपनी गार्डन और लाल टिब्बा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की अच्छी चहल-पहल है. लोग यहां के खूबसूरत नजारों को कैमरों में कैद कर रहे हैं.
कारोबारियों के चेहरे खिले
आशीष ने बताया कि पर्यटकों की बढ़ी आमद से मसूरी में रौनक बढ़ी है. इसका असर स्थानीय होटल कारोबारियों, टैक्सी चालकों और दुकानदारों पर भी दिखाई दे रहा है. बाजारों में भी पहले के मुकाबले चहल-पहल बढ़ी है. होटल कारोबार में भी इसका असर देखने को मिल रहा है और स्थानीय उत्पादों व हस्तशिल्प की बिक्री में तेजी आई है.
पहाड़ों पर बादलों के बीच छिपता-निकलता सूरज और ठंडी हवाएं पर्यटकों को खूब पसंद आ रही हैं. मसूरी का सुहाना मौसम और यहां की वादियां सैलानियों को अपनी ओर खींच रही हैं. पर्यटक घूमने के साथ इन खूबसूरत पलों को तस्वीरों में भी कैद कर रहे हैं.