Kota News: सुल्तानपुर चुनावी हंगामे में विधायक पर FIR, अब CID-CB करेगी जांच

Kota News: सुल्तानपुर चुनावी हंगामे में विधायक पर FIR, अब CID-CB करेगी जांच


Last Updated:

सुल्तानपुर नगर पालिका चुनाव हंगामे में पीपल्दा विधायक चेतन पटेल कोलाना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. थानाधिकारी की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा डालने और रास्ता रोकने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई. मामला विधायक से जुड़ा होने के कारण अब इसकी तफ्तीश स्थानीय पुलिस के बजाय सीआईडी सीबी करेगी. कांग्रेस और बीजेपी पार्षदों के बीच गाड़ियों को रोकने पर विवाद हुआ, जो पथराव तक पहुंच गया था.

Zoom

कोटा. राजस्थान के कोटा के सुल्तानपुर नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान हुए हंगामे ने अब नया मोड़ ले लिया है. पीपल्दा विधायक चेतन पटेल कोलाना के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और रास्ता रोकने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. यह केस मंगलवार की रात सुल्तानपुर थानाधिकारी दौलत साहू की शिकायत पर दर्ज हुआ. विधायक से जुड़ा मामला होने के कारण इसकी जांच अब स्थानीय पुलिस के बजाय CID-CB करेगी.

दरअसल, 21 सितंबर को नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच विवाद हो गया था. आरोप है कि कांग्रेस समर्थकों ने भाजपा पार्षदों की गाड़ी को रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. ऐसे में पथराव की स्थिति बन गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और हल्के बल इस्तेमाल किया.

पुलिस से भिड़े विधायक, थाने के बाहर धरना

एफआईआर में बताया गया है कि कांग्रेस पार्षदों के मतदान के बाद, जब करीब दोपहर 12:30 बजे भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षद मिनी बस से वोट डालने पहुंचे. इसी बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं और 200 से 300 लोगों की उग्र भीड़ ने सुरक्षा घेरा तोड़कर बस को घेर लिया.

थानाधिकारी दौलत कुमार की समझाइश के बावजूद भीड़ उग्र हो गई. उपद्रवियों ने बस का दरवाजा खोलकर ड्राइवर से चाबी छीनने का प्रयास किया और नारेबाजी करते हुए पुलिस व पार्षदों की गाड़ियों पर पथराव कर दिया.

थाने में घुसी भीड़, हवालात की चाबी छीनने की कोशिश

पथराव में मिनी बस का शीशा टूट गया. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस को सुरक्षित वोटिंग के लिए रवाना कराया. इस घटना पर पीड़िता अनिता मेघवाल की शिकायत पर BNS और SC/ST एक्ट में केस दर्ज किया गया है. पथराव और शांतिभंग के आरोप में पुलिस ने 8 आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने के लॉकअप में रखा था.

इसके बाद पीपल्दा विधायक चेतन पटेल ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर समर्थकों को सुल्तानपुर थाने पहुंचने का आह्वान किया. विधायक अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ थाने में दाखिल हुए. आरोप है कि भीड़ ने पहरा संतरी से हवालात की चाबी छीनने की कोशिश की और ड्यूटी हेड कांस्टेबल बनवारी लाल को डराया-धमकाया.



Source link